प्रयागराज (www.arya-tv.com) भाजपा संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय रहने की हिदायत भी दी जा रही है। यहां तक कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जब भी प्रयागराज आते हैं तो कार्यकर्ताओं को संगठित रहने की नसीहत जरूर देते हैं। बावजूद इसके जगह-जगह गुटबाजी उजागर हो रही है। इन सब के बीच बूथ स्तर पर ‘पन्ना प्रमुख’ की नियुक्ति की तैयारी चल रही है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने यह कहा
भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने बताया कि सभी बूथों पर प्रमुख बनाए गए हैं। कुछ जगहों पर अभी प्रमुख नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। जल्द ही सभी बूथों पर अध्यक्ष बनाने व संयोजक नियुक्त कर लिए जाएंगे। इसके बाद प्रत्येक बूथ पर ‘पन्ना प्रमुख’ भी नियुक्त होंगे। ऐसा इसलिए कि प्रत्येक घर तक भाजपा पहुंचना चाहती है। सभी प्रमुख या संयोजक अपने साथ कार्यकर्ताओं की टोली लेकर क्षेत्र में जनसंपर्क करेंगे। लोगों की समस्याओं को भी सुनेंगे। उनके समाधान के लिए प्रयास करेंगे। जहां असंतोष है उनके बीच पार्टी के पदाधिकारी बैठक कर लोगों की गलत फहमी को दूर करने की कोशिश करेंगे।
गुटबाजी को दूर करने का प्रयास
भाजपा महानगर अध्यक्ष बोले कि पिछले दिनों जहां-जहां गुटबाजी सामने आई थी, सभी को बुलाकर बैठक की जा रही है। उनके मन में जो कुछ है उसको सुना जा रहा है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी इन गतिविधियों से अवगत कराया जा रहा है। अब सभी कार्यकर्ता पंचायत चुनाव फिर आने वाले विधान सभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएंगे। हम सब मुख्य रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही कार्य कर रहे हैं। उन्हीं के विचार और सिद्धांत को आगे बढ़ाना है।