उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) की एक भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। परीक्षा में ओएमआर (OMR) शीट से छेड़छाड़ और पेपर लीक होने के गंभीर आरोपों के बाद अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर जमकर हंगामा किया। इस घटना के बाद से प्रशासनिक और चिकित्सीय महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं इस मामले को सपा ने ट्वीट करके योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए लिखा है कि -बंटोगे तो कटोगे की लफ्फाजी करने वाले जिम्मेदार है। उनके पास भ्रष्टाचार और पेपर लीक माफिया का माल है।
परीक्षा में धांधली के लगे गंभीर आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, SGPGI द्वारा आयोजित इस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए दूर-दूर से अभ्यर्थी लखनऊ पहुंचे थे। परीक्षा संपन्न होने के बाद छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में भारी अनियमितताएं बरती गईं। अभ्यर्थियों का दावा है कि ओएमआर शीट में गड़बड़ी करने की कोशिश की गई और परीक्षा से पहले ही पेपर लीक होने जैसी गंभीर सूचनाएं सामने आईं। इन आरोपों के सामने आते ही छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने परीक्षा परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों ने की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों को पूरी गंभीरता से लिया जाएगा। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि मेहनती और योग्य छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो सके। पुलिस और संस्थान के अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मामले की तहकीकात कर रहे हैं।
