Noida Encounter : लिफ्ट देकर लूटने वाले गैंग के चार बदमाश गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

# ## UP

उत्तर प्रदेश के नोएडा में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सेंट्रल नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे बदमाश

सेंट्रल नोएडा के पुलिस उपायुक्त डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि एक और दो नवंबर की मध्यरात्रि को सेक्टर-63 थाना पुलिस की टीम सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की।

घिरने पर पुलिस टीम पर की फायरिंग

पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाश बहलोलपुर अंडरपास से ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड की ओर भागने लगे। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाशों की पहचान विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू (27), निवासी मीठापुर, दिल्ली और राजेश उर्फ ढेडा (38), निवासी बसई, थाना फेस-3, नोएडा के रूप में हुई है। इनके कब्जे से .315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इनके पास से एक बुलेट मोटरसाइकिल भी मिली, जो थाना फेस-3 में दर्ज मुकदमा संख्या 395/2025 से संबंधित बताई गई है।

तलाशी अभियान में दो अन्य साथी भी दबोचे

मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ने सघन अभियान चलाया। इस दौरान शंकर शर्मा (20), निवासी ग्राम सुत्याना, थाना ईकोटेक-3 और कपिल कश्यप (20), निवासी ग्राम बसई, थाना फेस-3 को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से दो अवैध चाकू और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, यह बाइक थाना सेक्टर-49 में दर्ज मुकदमा संख्या 526/2025 से संबंधित है।

लिफ्ट देने के बहाने बनाते थे शिकार

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों आरोपी कथित तौर पर लिफ्ट देने के बहाने लोगों को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाते थे। इसके बाद रास्ते में उनके साथ लूटपाट कर उन्हें सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो जाते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक संपर्कों और वारदातों की जानकारी जुटा रही है।