इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव मामले में जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, प्रतापगढ़ स्टेशन से दो आरोपी गिरफ्तार

# ## Prayagraj Zone

वाराणसी से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव कर ट्रेन मैनेजर को घायल करने के मामले में जीआरपी प्रतापगढ़ ने बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद अमेठी निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पथराव में ट्रेन मैनेजर हरिकेश कुमार घायल हो गए थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामला 20 अक्टूबर का है। वाराणसी से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 24203 अमेठी रेलवे स्टेशन के आउटर से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन पर पत्थर फेंके गए, जिसकी चपेट में आने से ट्रेन मैनेजर हरिकेश कुमार घायल हो गए। चलती ट्रेन पर पथराव की इस घटना ने रेल यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए थे।

प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन से दोनों आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रथम अमित कुमार सिंह और जीआरपी प्रभारी निरीक्षक चंचल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। आरोपियों की तलाश में जुटी टीम ने रविवार को प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन के वाराणसी छोर से दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुभव सरोज (19) और गणेश सरोज (20), निवासी रायदेपुर, थाना कोतवाली अमेठी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मामले में रेलवे अधिनियम की धारा 152 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।