अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद से दिल दहला देने वाली खबर आई है। गुरुवार को एक निजी अस्पताल अचानक आग लग गई। इससे कोविड-19 के आठ मरीजों की झुलसकर मौत हो गई। यहां कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा था।
नवरंगपुर इलाके में स्थित श्रेय अस्पताल में गुरुवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे आग लग गई। हादसे में आईसीयू वार्ड में भर्ती पांच पुरुष और तीन महिलाओं की मौत हो गई।
अस्पताल में कोविड-19 के करीब 40 अन्य मरीजों को बचा लिया गया और उन्हें शहर के एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आग लगने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री और स्थानीय मेयर से बात की है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘अहमदाबाद के अस्पताल में लगी आग की घटना से दुख हुआ। परिजनों के प्रति संवेदनाएं। हादसे में घायल हुए लोग जल्द ठीक हों। मैंने स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और मेयर से बातचीत की है। प्रशासन प्रभावितों को हर संभव मदद प्रदान कर रहा है।’