जोन-8 में स्व-गणना कार्य की समीक्षा, वार्डवार प्रगति का जोनल अधिकारी डॉ. आशीष सिंह ने लिया जायजा

Lucknow
  • जनगणना-2027 को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक, स्व-गणना अभियान में तेजी लाने और शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर

लखनऊ। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) कार्य की निगरानी को लेकर नगर निगम लखनऊ के जोन-8 कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोनल अधिकारी एवं सहायक नगर आयुक्त डॉ. आशीष सिंह के साथ कर अधीक्षक कुलदीप अवस्थी और बनारसी दास सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में जोन-8 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों में स्व-गणना कार्य की प्रगति की वार्डवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्रों में अभियान की स्थिति, नागरिकों की सहभागिता और कार्य की निगरानी पर चर्चा की। डॉ. आशीष सिंह ने कार्य को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में अधिक से अधिक परिवारों को स्व-गणना के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना तथा 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जनसंख्या गणना की जाएगी।