हम भिखारी नहीं… इमरान मसूद के बयान पर राजीव राय का पलटवार, बोले- पहले अपने नेतृत्व से पूछें

# ## Lucknow

 उत्तर  प्रदेश में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जहां एक तरफ बैठक चल रही है, तो वहीं दोनों दलों के नेताओं के बयानबाजी भी तेज हो गई है।

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के ‘हम सहयोगी हैं, भिखारी नहीं’ वाले बयान पर समाजवादी पार्टी के लोकसभा सांसद राजीव राय ने पलटवार करते हुए कहा कि गठबंधन में सभी को संयम और सौहार्दपूर्ण तरीके से बात करनी चाहिए। यदि किसी को कोई जानकारी नहीं है तो उसे पहले अपने नेतृत्व से बात करनी चाहिए।राजीव राय ने एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा कि सीट बंटवारे को लेकर कोई एकतरफा फैसला नहीं हुआ है। गठबंधन की शुरुआत में ही स्पष्ट कर दिया गया था कि जिन सीटों पर गठबंधन के घटक दलों के मौजूदा सांसद हैं, उन पर चर्चा नहीं होगी। उन्होंने इमरान मसूद पर निशाना साधते हुए कहा, ”अब वह अपने गठबंधन से पूछें कि वे अपने लिए लड़ना चाहते हैं या INDIA गठबंधन के लिए।”

सौहार्दपूर्ण माहौल में चल रही बातचीत: राजीव राय

2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के तालमेल पर राजीव राय ने कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत सौहार्दपूर्ण वातावरण में चल रही है। उन्हें अब भी उम्मीद है कि गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व की मंशा स्पष्ट है कि भाजपा को हराना है और यह काम मिलकर ही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब दोनों पार्टियों का नेतृत्व मानता है कि भाजपा को मिलकर हराया जा सकता है तो दोनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

इमरान मसूद ने सपा की पहली सूची पर उठाए सवाल

वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से यूपी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई। उन्होंने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान कहा कि सपा अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र है और वह उसके निर्णय पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन गठबंधन के भीतर चर्चा के बाद इस तरह उम्मीदवारों की घोषणा करना सही तरीका नहीं है।

इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस ने सपा से किसी खास सीट की मांग नहीं की थी और न ही यह कहा था कि उसे कौन-सी सीट दी जाए। इसके बावजूद 26 सीटों का प्रस्ताव देने और उन सीटों पर घोषणा करने का क्या संदेश है? उन्होंने कहा कि गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए गंभीरता की जरूरत है।

भाजपा को हराने की गारंटी राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन की सहयोगी है और उसका मकसद भाजपा को हराना है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को हराने की गारंटी राहुल गांधी हैं। मसूद ने सवाल उठाया कि जब गठबंधन में बातचीत चल रही है तो इस तरह उम्मीदवारों की घोषणा करना भाजपा को हराने की दिशा में उठाया गया कदम कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि सपा चाहे तो सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दे, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन इस तरह के फैसलों से गठबंधन के प्रति गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं।