गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिकरी खुर्द गांव में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कलछीना मार्ग पर एक निर्माणाधीन मकान की अचानक शटरिंग भरभरा कर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे 6 मजदूर मलबे के नीचे दब गए. इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मजदूरों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी सत्ते कुमार कलछीना मार्ग पर अपना मकान बनवा रहे हैं, जहां पिछले तीन दिनों से शटरिंग लगाने का काम चल रहा था। शनिवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्जन से अधिक मजदूर काम पर आए थे और शटरिंग के नीचे कार्य कर रहे थे. सुबह करीब 10 बजे अचानक तेज आवाज के साथ शटरिंग गिर गई और धूल का गुबार उठ गया। मलबे में 6 मजदूर दब गए।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए दो मजदूरों को बाहर निकाला। इसके बाद सूचना पाकर एसडीएम, एसीपी मोदीनगर और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। भीड़ अधिक होने के कारण शुरुआती दौर में बचाव कार्य में कुछ बाधा आई, लेकिन बाद में एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मोर्चा संभालते हुए बाकी चार मजदूरों को भी सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस और प्रशासन मामले की आगे की जांच कर रहा है।
