लखनऊ। नगर निगम लखनऊ के जोन-8 में अहाना इन्क्लेव के आवासीय फ्लैटों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए जोनल अधिकारी/सहायक नगर आयुक्त डॉ. आशीष सिंह के स्तर से कई मामलों का समयबद्ध निस्तारण कराया गया है। आवासीय परिसरों में रहने वाले लोगों की ओर से सामने आने वाली समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान की प्रक्रिया तेज की गई है। इससे लोगों को लंबे समय तक कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है।
- अहाना इन्क्लेव की समस्याओं पर लगातार निगरानी
जोनल अधिकारी डॉ. आशीष सिंह का जोर इस बात पर है कि नागरिकों की शिकायतें केवल दर्ज होकर लंबित न रहें, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान कराया जाए। अहाना इन्क्लेव के आवासीय फ्लैटों में रहने वाले लोगों की बिजली, सुरक्षा, पार्कों के रखरखाव, साफ-सफाई, जल निकासी तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराई गई है। जिन समस्याओं का समाधान हो चुका है, उनकी स्थिति की भी निगरानी की जा रही है, जबकि सामने आ रहे अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया जा रहा है।
- शेष मामलों का भी जल्द होगा निस्तारण
आवासीय फ्लैटों से संबंधित जिन अन्य मामलों की जानकारी सामने आ रही है, उनका भी परीक्षण कर जल्द निस्तारण कराने की प्रक्रिया जारी है। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का स्थायी समाधान कराने पर जोर दिया जा रहा है। डॉ. आशीष सिंह ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी।
