Shahjahanpur News : शाहजहांपुर में सराफा व्यापारी से 2 लाख की वसूली में सिपाहियों की मदद करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

# ## UP

शाहजहांपुर पुलिस के 4 सिपाहियों द्वारा सराफा व्यापारी को स्मैक तस्करी में फंसाने की धमकी देकर 2 लाख रुपये वसूलने के मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। दो सिपाहियों को जेल भेजने के बाद अब पुलिस ने वसूली गैंग के मददगार तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों पर पुलिसवालों के वसूली कांड में मदद करने के आरोप हैं। उधर, आरोपी सिपाहियों के खिलाफ सेवा समाप्ति जैसी कठोर कार्रवाई की करने भी चर्चा तेज है।

परशुरामपुरी क्षेत्र के मोहल्ला कानून गोयान निवासी सराफा व्यापारी सुन्दरम ने 4 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि चार सिपाहियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए हुए उन्हें सरैया मोड़ से हिरासत में लिया और तिलहर थाने की बिरियागंज चौकी ले गए।

जेल भेजने की धमकी

सिपाहियों ने कथित रूप से सराफा व्यापारी का उत्पीड़न किया। जेल भेजने की धमकी दी। इस आरोप के साथ कि वह स्मैक तस्करी करता है। व्यापारी का आरोप है कि उनके परिवार से 2 लाख रुपये लेने के बाद पुलिसवालों ने उन्हें छोड़ा।

एसपी के आदेश पर चारों सिपाहियों के विरुद्ध पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। एसपी ने मामले की जांच कराई, जिसमें आरोप पुष्ट होने के बाद पुलिस ने दो सिपाहियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि दो अभी भी फरार हैं।

जांच में सामने आए आरोपी

पुलिस की विवेचना में परशुरामपुरी के सुभाषनगर निवासी अनमोल और आयुष पाण्डेय, सदुल्लागंज के सचिन कुमार का नाम भी प्रकाश में आया था। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने वसूली के खेल में सिपाहियों की मदद की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से पूर्व अभियुक्त अनमोल और एक अन्य वांछित अभियुक्त ने सराफा व्यापारी के संबंध में सूचना उपलब्ध करायी थी।

व्यापारी को फोन करके बुलाया

आयुष के कहने पर सचिन ने सराफा व्यापारी को फोन करके 10 हजार रुपये सामान खरीदने की बात कही थी। अभियुक्तों ने सराफा व्यापारी को सैरया मोड़ पर बुलाया था। तीनों अभियुक्त आरोपियों के साथ खड़े थे। उन्होंने ही सराफा व्यापारी के परिजनों का सिपाहियों से छुड़ाने का सौदा तय कराया था। सिपाहियों ने तीनों अभियुक्तों को सहयोग करने में रुपये दिए थे। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों का चालान कर दिया। टीम में एसएसआई सकता सिंह, उप निरीक्षक पवन कुमार आदि शामिल रहे।