यूपी सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के गृह जनपद बरेली में गौवंशीय पशुओं की निगरानी को लेकर एक ठोस पहल सामने आ रही है। जिले की सभी 120 गौशालाओं को सीसीटीवी से लैस होंगी। विकास विभाग में एक कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। सभी गौशालाओं इसी कंट्रोल रूम से कनेक्ट होंगी। कंट्रोल रूम में बैठी टीम हर गौशाला की लाइव स्थिति देखेगी। गौशालाओं की साफ-सफाई, गौवंश के चारे-पानी पर नजर रखी जाएगी। पिछले दिनों में बरेली की गौशालाओं में गौवंशीय पशुओं की मौत और बदतर हालत की तस्वीरें सामने आने के बाद निगरानी बढ़ाने पर जोर है।
बरेली की मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने बताया कि एक ही जगह से सभी गौशालाओं पर नजर रखी जाएगी। इससे पारदर्शिता के साथ निगरानी तंत्र मजबूत होगा। गौवंश के संरक्षण और देखलाभ की व्यवस्था पहले से कहीं अधिक प्रभावी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को सीसीटीवी से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। सभी गौशालाएं में सीसीटीवी लगने के बाद इन्हें कंट्रोल रूम से कनेक्ट कर दिया जाएगा।
कंट्रोल रूम तैयार
विकास भवन में गौशालाओं पर नजर रखने वाला कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। स्क्रीन लगने लगी हैं। ट्रायल भी शुरू कर दिया गया है। कुछ गौशालाओं को कंट्रोल रूम से जोड़कर निगरानी की जा रही है। गौवंश के संरक्षण की दिशा में यह एक शानदार पहल मानी जा रही है।
असहज होता रहा विभाग
छुट्टा गौवंशीय पशुओं को गौशालाओं में रखने के निर्देश हैं। लेकिन पिछले दिनों सीबीगंज क्षेत्र की एक गौशाला में पशुओं को लेकर बड़ा बखेड़ा हो गया। हिंदूवादी संगठन सड़कों पर उतर आए। आरोप लगाते हुए गौवंश की ठीक से देखभाल नहीं की जाती है। इस कारण कुछ पशुओं की मौत हो गई। घंटों चले हंगामें के बाद अधिकारियों ने किसी तरह लोगों को शांत किया था।
