परसुपुर के शाहपुर धनावा के बर्तन व्यापारी विनोद साहनी के साथ हुई मारपीट और मौत के मामले में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी व शाहपुर धनावा चौकी प्रभारी अंकित सिंह समेत तीन पुलिस कर्मियों को देर रात निलंबित कर दिया गया। निषाद पार्टी के अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डा संजय निषाद की चेतावनी के बाद हरकत में आए एसपी अभिषेक ने यह कार्रवाई की। मामले में पुलिस ने देर रात तक घटना में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गयी हैं।
परसपुर थाना क्षेत्र के रकसड़िया गांव के रहने वाले विनोद कुमार साहनी शाहपुर बाजार में बर्तन की दुकान चलाते थे। बुधवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि लल्लन यादव की दुकान के पास पहले से घात लगाए बैठे 10-12 लोगों ने उनपर हमला कर दिया था और उनकी पिटाई कर दी हमले व मारपीट की घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मामले में विनोद ने रात में ही परसपुर थाने पर तीन नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर के लिए तहरीर दी थी। घायल विनोद को पुलिस ने पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया जहां से उन्हे लखनऊ रेफरी कर दिया गया था। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गयी थी।
विनोद की मौत की सूचना पर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डा संजय निषाद केजीएमयू पहुंचे थे और दोषियों की गिरफ्तारी तथा परसपुर थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी की बर्खास्तगी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे। कार्रवाई न होने पर उन्होने एसपी आवास का घेराव करने की चेतावनी दी थी। डा संजय निषाद के तेवर के बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया था।
घटना सी गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिषेक ने देर रात परसपुर थानाध्यक्ष कमलाशंकर चतुर्वेदी, शाहपुर धनावा चौकी प्रभारी अंकित सिंह व बीट सिपाही अभिमन्यु भारती को निलंबित कर दिया। मामले में तीन आरोपियों सुभम, सुभाष और अंतिम को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गयी हैं।
केजी राय बने परसपुर थानाध्यक्ष, निशा निषाद को चौकी की जिम्मेदारी
परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी व शाहपुर धनावा चौकी प्रभारी अंकित सिंह के निलंबन के बाद खोंड़ारे थानाध्यक्ष रहे कृष्ण गोपाल राय को परसपुर थाने का नया इंचार्ज बनाया गया है। वहीं महिला उप निरीक्षक निशा निषाद को शाहपुर धनावा चौकी की जिम्मेदारी सौंप गई है। पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर ज्ञान सिंह को खोंडारे थाना का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। एसपी के निर्देश पर सभी पुलिसकर्मियों ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने पर हुई थी मारपीट
एसपी अभिषेक ने वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि मृतक विनोद ने सोशल मीडिया साइट पर कोई भड़काऊ पोस्ट की थी जिससे आरोपी उनसे रंजिश रख रहे थे। इसी रंजिश के कारण बुधवार को उनके साथ मारपीट की गयी। उन्हे उपचार के लिए पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हे लखनऊ रेफर किया गया था लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
