कोतवाली क्षेत्र के कस्बे के वार्ड नंबर 11 स्थित समदिया मोहल्ले से लापता हुए करीब तीन वर्षीय मासूम अनस का शव सोमवार को तालाब से बरामद कर लिया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब 22 घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद मासूम का पता चल सका। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, विंध्याचल निवासी अनस अपने मामा के घर अमेठी आया हुआ था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। बच्चे के गायब होने की सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत ही बच्चे की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी अभियान में लगाया गया।
तालाब और आसपास 22 घंटे चला अभियान
पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तालाब तथा उसके आसपास के इलाकों में लगातार मासूम की तलाश करती रहीं। करीब 22 घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने तालाब से अनस का शव बरामद कर लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. रात करीब दो बजे मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों तथा सर्च ऑपरेशन में जुटी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद अभियान को और तेज किया गया।
शव मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मासूम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
अनस के शव की बरामदगी के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
