- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया लोकार्पण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सड़क संपर्क व्यवस्था को नई ऊंचाई देने वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का रविवार को लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा निर्मित लखनऊ-कानपुर 6 लेन एक्सप्रेसवे और लखनऊ-हरदोई 4 लेन मार्ग का उद्घाटन रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सांसद साक्षी महाराज, सांसद रमेश अवस्थी, जनप्रतिनिधि तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
- 4,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ लखनऊ-कानपुर 6 लेन एक्सप्रेसवे
करीब 4,200 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर 6 लेन एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम हो जाएगी। इससे पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा, जाम से राहत मिलेगी और यात्रियों के समय के साथ ईंधन की भी बचत होगी।
- रक्षा औद्योगिक गलियारे को मिलेगा नया बल
कार्यक्रम में कहा गया कि लखनऊ प्रशासनिक और सांस्कृतिक दृष्टि से प्रदेश का प्रमुख केंद्र है, जबकि कानपुर औद्योगिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र है। दोनों शहर रक्षा औद्योगिक गलियारे के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। नया एक्सप्रेसवे उद्योग, व्यापार, माल परिवहन और निवेश को गति देगा। इससे नए उद्योगों की स्थापना, औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।
- लखनऊ-हरदोई 4 लेन मार्ग से ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
लोकार्पित लखनऊ-हरदोई 4 लेन मार्ग से हरदोई और आसपास के कस्बों तथा ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। किसानों को कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच पहले से अधिक आसान होगी। इससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
- प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी दोनों परियोजनाएं
वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि आर्थिक प्रगति की मजबूत आधारशिला भी होती हैं। बेहतर संपर्क व्यवस्था से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और निवेश को प्रोत्साहन मिलता है तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होती है। इन दोनों परियोजनाओं से लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा उत्तर प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
- जनता को मिलेगा तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर
लखनऊ-कानपुर और लखनऊ-हरदोई मार्गों के संचालन से प्रदेश की संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी। तेज परिवहन, कम यात्रा समय, बेहतर सड़क सुरक्षा और व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि के साथ ये परियोजनाएं उत्तर प्रदेश को विकसित आधारभूत संरचना वाले राज्यों की श्रेणी में और मजबूत स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
