लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे विकास का नया द्वार, सरोजनीनगर सहित पूरे क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ : डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति जताया आभार

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने लखनऊ-कानपुर 6 लेन एक्सप्रेसवे और लखनऊ-हरदोई 4 लेन मार्ग के लोकार्पण को उत्तर प्रदेश के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सड़क संपर्क किसी भी प्रदेश की आर्थिक प्रगति की रीढ़ होता है और इन परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश में विकास, निवेश, उद्योग तथा रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ेंगे।

  • सरोजनीनगर बनेगा प्रदेश की विकास यात्रा का प्रमुख केंद्र

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर पहले से ही प्रदेश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में शामिल है। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, रक्षा औद्योगिक गलियारा, औद्योगिक क्षेत्र, सूचना प्रौद्योगिकी पार्क, प्रस्तावित चिकित्सा उपकरण पार्क और आधुनिक सड़क नेटवर्क के कारण यह क्षेत्र निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। अब लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे और अन्य नए मार्गों के शुरू होने से सरोजनीनगर की रणनीतिक महत्ता और बढ़ जाएगी।

  • उद्योग, व्यापार और रोजगार को मिलेगी नई उड़ान

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क का सबसे बड़ा लाभ उद्योगों और व्यापार को मिलता है। परिवहन लागत कम होगी, माल ढुलाई तेज होगी और नए उद्योग स्थापित करने के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी।

  • सरोजनीनगर की जनता को मिलेगा सीधा लाभ

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि इन मार्गों का सबसे अधिक लाभ सरोजनीनगर की जनता को मिलेगा। लखनऊ, कानपुर, हरदोई, उन्नाव और आसपास के जिलों तक पहुंच पहले से अधिक तेज और सुरक्षित होगी। विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, किसानों, उद्यमियों और मरीजों को कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। यातायात का दबाव घटने से स्थानीय सड़कों पर भी आवागमन सुगम होगा।

  • निवेश और आधारभूत संरचना को मिलेगी नई मजबूती

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने का सबसे महत्वपूर्ण आधार होता है। नए एक्सप्रेसवे और चौड़ी सड़कों से सरोजनीनगर में औद्योगिक इकाइयों, गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, आवासीय परियोजनाओं और सेवा क्षेत्र का तेजी से विस्तार होगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

  • प्रदेश को आधुनिक सड़क नेटवर्क देने के लिए जताया आभार

डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश को आधुनिक सड़क नेटवर्क उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन तीनों नेताओं के नेतृत्व और प्रयासों से उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व आधारभूत संरचना का निर्माण हो रहा है, जिसका लाभ आने वाली कई पीढ़ियों को मिलेगा।

  • ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को मिलेगी नई गति

डॉ. राजेश्वर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि लखनऊ-कानपुर 6 लेन एक्सप्रेसवे, लखनऊ-हरदोई 4 लेन मार्ग और प्रदेश में विकसित हो रहे अन्य राष्ट्रीय राजमार्ग उत्तर प्रदेश को देश की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।