आज बेल्हा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी, 380 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

# ## UP

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रतापगढ़ के बेल्हा पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री करीब डेढ़ घंटे तक जिले में रहेंगे। इस दौरान वह जीआईसी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और सदर तथा विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी लगभग 380 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:35 से 11ः00 बजे के बीच हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। उनके साथ प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी मौजूद रहेंगे। प्रतापगढ़ में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री सुलतानपुर के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर देर रात तक तैयारियों की समीक्षा करते रहे। जनसभा स्थल पर 20 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री का प्रतापगढ़ दौरा 29 अगस्त को हुआ था। लगभग दस महीने बाद वह एक बार फिर जिले के दौरे पर आ रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सोमवार को प्रयागराज जोन के एडीजी ज्योति नारायण ने कार्यक्रम स्थल और अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर ड्यूटी संबंधी निर्देश जारी किए।

वहीं सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य और भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनसभा स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।