मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी सोमवार को प्रयागराज में प्रेरणा पार्क का लोकार्पण करेंगे. यमुना किनारे बोट क्लब के पास बने इस प्रेरणा पार्क में राष्ट्र की तीन विभूतियों की प्रतिमाओं का भी लोकार्पण किया जाएगा. इसके बाद सीएम योगी नौका एकता रेस को हरी झंडी दिखाएंगे और फिर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. इसी क्रम में सीएम योगी मेला प्राधिकरण के सभागार में लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे.
अधिकारियों के मुताबिक सीएम योगी की मंशा के मुताबिक संगम नगरी प्रयागराज में कालिंदी के तट पर युवाओं और पर्यटकों के लिए राष्ट्रवाद और सशक्त भारत के विभूतियों की प्रेरणा की स्थली का निर्माण किया गया है. नगर निगम प्रयागराज द्वारा यमुना के किनारे कालीघाट के पास विकसित इस भव्य प्रेरणा पार्क में जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष और राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की कांस्य प्रतिमाएं लगाई गई हैं.
पार्क निर्माण में आई एक करोड़ की लागत
महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी के मुताबिक करीब एक करोड़ रुपये की लागत से इस भव्य पार्क का निर्माण किया गया है. इसका उद्देश्य राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण के प्रेरणास्रोत रहे इन तीन महापुरुषों के जीवन मूल्यों एवं विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है. यह स्थल न केवल श्रद्धांजलि का केंद्र होगा, बल्कि युवाओं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करने वाला भी होगा. विभूतियों की प्रतिमाओं के आसपास उद्यान, प्रकाश व्यवस्था, पाथवे, बैठने की व्यवस्था, सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता संबंधी कार्य कराए गए हैं.
होगी एकता नौका रेस
कालिंदी की लहरें आज नौका रेस की साक्षी बनेगी. यह रेस सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और मजबूत अखंड भारत के विचारों से भारत की एकता को सुदृढ़ करने करने वाले राष्ट्रीय एकता के नायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को समर्पित है. सीएम योगी इस रेस को हरी झंडी दिखाएंगे. इसमें दो दर्जन से अधिक नौकाएं शामिल होंगी. इसके बाद सीएम काली घाट स्थित प्रेरणा पार्क में ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
