दक्षिणी जोन में उत्कृष्ट पुलिसिंग को मिला सम्मान, ‘कॉप ऑफ द मन्थ’ बने प्रद्युम्न कुमार सिंह

Lucknow

ऑब्जेक्टिव इवेल्यूएशन सिस्टम से बढ़ी जवाबदेही
लखनऊ। दक्षिणी जोन पुलिस कमिश्नरेट में बेहतर पुलिसिंग और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लागू ऑब्जेक्टिव इवेल्यूएशन सिस्टम के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने मई 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘कॉप ऑफ द मन्थ’ सम्मान से सम्मानित किया। इस व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मियों के कार्यों का अंक आधारित मूल्यांकन किया जाता है, जिससे पेशेवर कार्यशैली और लक्ष्य आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा मिला है।

कृष्णानगर थाना रहा अव्वल
मई माह में थाना कृष्णानगर के प्रभारी निरीक्षक प्रद्युम्न कुमार सिंह ने 1046 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। उनके नेतृत्व में पुलिस ने अंतरराज्यीय लूट एवं छिनैती गिरोह का पर्दाफाश कर सात आरोपितों को गिरफ्तार किया, टप्पेबाजी गिरोह से करीब छह लाख रुपये की बरामदगी की तथा गुंडा एक्ट, एनबीडब्ल्यू गिरफ्तारी और सीसीटीवी व्यवस्थापन जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए।

गोसाईगंज और मोहनलालगंज भी रहे अग्रणी
थाना गोसाईगंज के प्रभारी निरीक्षक डी.के. सिंह ने 958 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। उनके नेतृत्व में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई, वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी और बड़ी संख्या में जन शिकायतों का निस्तारण किया गया। वहीं मोहनलालगंज के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी 892 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उनकी टीम ने नाबालिग बालिकाओं की सकुशल बरामदगी सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए।

तीनों सर्किलों के सर्वश्रेष्ठ उपनिरीक्षक सम्मानित
मोहनलालगंज सर्किल में भागूखेड़ा चौकी प्रभारी आशीष कुमार ने 952 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। गोसाईगंज सर्किल में सीसी टीम प्रभारी लाल सिंह 624 अंकों के साथ शीर्ष पर रहे, जबकि कृष्णानगर सर्किल में सीसी टीम प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह ने 1935 अंक प्राप्त कर सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तीनों अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, रात्रि गश्त, यातायात प्रवर्तन और निवारक कार्रवाई में उल्लेखनीय योगदान दिया।

ऑपरेशन किरण से 45 परिवारों को मिली राहत
दक्षिणी जोन पुलिस ने मई माह में ऑपरेशन किरण के तहत 45 पारिवारिक विवादों का समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाया। इसके अलावा 42 शिकायतों का थाना एवं तहसील दिवसों में निस्तारण किया गया। पुलिस की इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ऑपरेशन क्लीन-2 और साइबर अभियान में बड़ी सफलता
माह मई में दक्षिणी जोन पुलिस ने 89 सीज एवं माल मुकदमाती वाहनों का निस्तारण किया। वहीं साइबर सेल ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से विभिन्न जनपदों और राज्यों से 54 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है। इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध तथा हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए गए।