डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया पंचायत भवन का लोकार्पण, लतीफनगर को मिली विकास की नई पहचान

Lucknow

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने ग्रामसभा लतीफनगर में ₹36 लाख की लागत से निर्मित पंचायत भवन (मिनी सचिवालय) और विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन, जनसुविधाओं और प्रशासनिक सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

  • ग्रामीणों को घर के पास मिलेंगी प्रशासनिक सुविधाएं

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पंचायत भवन (मिनी सचिवालय) के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाएं और प्रशासनिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और ग्रामीण प्रशासन को भी मजबूती मिलेगी।

  • ₹13.5 करोड़ का डिग्री कॉलेज बदलेगा क्षेत्र की तस्वीर

कार्यक्रम में डॉ. सिंह ने लतीफनगर राजकीय डिग्री कॉलेज के लिए ₹13.5 करोड़ की स्वीकृति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर खोलेगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज बनने से ग्रामीण युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगी और उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा मिलेगी।

  • मेधावी छात्रा को मिला लैपटॉप

इस अवसर पर हाईस्कूल परीक्षा में 89.5 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा कु. शेजल चौरसिया को लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विद्यालयों में कंप्यूटर लैब, लैपटॉप, साइकिल और अन्य शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

  • जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही बड़ी भागीदारी

कार्यक्रम में प्रधान मालती शुक्ला, प्रधान प्रतिनिधि तरुण शुक्ला, वीरेंद्र तिवारी, अजय शुक्ला, आशु शुक्ला, सोनू त्रिवेदी, शंकरी सिंह, राजेश सिंह और गिरीश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।