डॉ. राजेश्वर सिंह और आर. पी. सिंह ने किया सरोजनीनगर खेल प्रीमियर लीग-9 का भव्य शुभारंभ

Lucknow
  • सरोजनीनगर से निकलेगा अगला क्रिकेट सितारा— डॉ. राजेश्वर सिंह और आर. पी. सिंह ने किया सरोजनीनगर खेल प्रीमियर लीग-9 का भव्य शुभारंभ
  • 160 टीमों और 10 हजार से अधिक युवाओं की भागीदारी के साथ खेल प्रतिभाओं का बना महाकुंभ

लखनऊ। जय जगत पार्क, एलडीए कॉलोनी में गुरुवार को खेल, उत्साह और युवा ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब “सरोजनीनगर खेल प्रीमियर लीग (SSPL)-9” का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज एवं वर्तमान चयन समिति सदस्य आर. पी. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और आर. पी. सिंह ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैदान में मौजूद हजारों युवाओं का जोश और खेल के प्रति जुनून देखते ही बन रहा था।

इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि “जिस राष्ट्र के युवा मैदान में संघर्ष करना सीखते हैं, वह राष्ट्र हर चुनौती में विजयी बनता है।” उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मैदान में उतरने वाला युवा कभी हार नहीं मानता और वही देश का भविष्य तय करता है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि 4 दिसंबर 2022 से शुरू हुई यह खेल पहल आज एक बड़े युवा आंदोलन का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष आयोजित प्रतियोगिता में 160 टीमें हिस्सा ले रही हैं तथा लगभग 160 मुकाबले खेले जाएंगे। विजेता टीम को 50 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके साथ ही बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर, बेस्ट फील्डर, मैक्सिमम सिक्स और मैक्सिमम फोर जैसी विशेष श्रेणियों में भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट उपलब्ध कराई जा रही है तथा प्रत्येक टीम को क्रिकेट किट भी प्रदान की गई है। अब तक सरोजनीनगर खेल प्रीमियर लीग के माध्यम से 10 हजार से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ा जा चुका है। साथ ही 1500 से अधिक स्पोर्ट्स किट वितरित की गई हैं और 11 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि खिलाड़ियों को प्रदान की जा चुकी है।

कार्यक्रम में मौजूद आर. पी. सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर में खेल प्रतिभाओं को जिस स्तर पर मंच दिया जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा, “राजेश्वर भैया युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए जिस समर्पण और भावना से काम कर रहे हैं, वह प्रेरणादायी है। ऐसे आयोजन ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”

उन्होंने युवा खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि छोटे शहरों और कस्बों से निकलकर भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं। जरूरत केवल अवसर और मजबूत इरादों की होती है।

उद्घाटन अवसर पर इंटर स्कूल मुकाबले में लखनऊ कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल और एलनहाउस पब्लिक स्कूल की टीमें आमने-सामने रहीं, जबकि इंटर स्पोर्ट्स क्लब मुकाबले में यंग बॉयज़ क्रिकेट क्लब और प्यारेपुर क्रिकेट क्लब के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। दर्शकों ने खिलाड़ियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साह बढ़ाया।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘TOPS’ जैसी योजनाओं ने युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर क्षेत्र में 180 से अधिक बॉयज और 116 से अधिक गर्ल्स यूथ क्लब स्थापित किए गए हैं तथा खेल मैदानों के विकास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में अपोलोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. मयंक सोमानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने आयोजन समिति, खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरोजनीनगर को खेल प्रतिभाओं का सबसे मजबूत केंद्र बनाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।