शहर में निर्माण और ध्वस्तीकरण के दौरान निकलने वाले मलबे के समुचित निस्तारण के लिए नगर निगम लखनऊ ने नई पहल शुरू की है। अब नागरिक अपने घर या निर्माण स्थल से निकले मलबे को आसानी से ‘लखनऊ वन एप के माध्यम से उठवा सकते हैं।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि इसके लिए नगर निगम ने शहर के 8 स्थानों पर सीएंडडी सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट विकसित किए हैं। इन स्थानों से मलबा एकत्र करके निस्तारण के लिए मोहनलालगंज के हरिकंशगढ़ी स्थित सीएंडडी वेस्ट प्लांट भेजा जाएगा।
लोग इन कलेक्शन प्वाइंट की पूरी जानकारी लखनऊ वन एप पर प्राप्त कर सकते हैं। ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। ऐप डाउनलोड करके कंस्ट्रक्शन वेस्ट श्रेणी में जाकर अपनी लोकेशन डाल सकते हैं। नगर निगम से अधिकृत संस्था स्थल से मलबा उठाने की व्यवस्था करेगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि इस व्यवस्था से सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर मलबा फेंकने से गंदगी पर रोक लगेगी साथ ही सफाई व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने नागरिकों से निर्माण या ध्वस्तीकरण से निकलने वाला कोई भी मलबा सड़कों या खाली प्लॉट में न डालने की अपील की है।