(www.arya-tv.com) यूपी में कोहरे और ठंड का असर जारी है। कानपुर में गुरुवार रात सीजन की सबसे सर्द रही। यहां पारा 5.3 डिग्री तक गिर गया। वहीं, शुक्रवार सुबह राजधानी लखनऊ में घना कोहरा छाया रहा। यहां 7.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। विजिबिलिटी कम होने के चलते 15 से ज्यादा फ्लाइट्स ने 4 घंटे लेट उड़ान भरी।
इतना ही नहीं, वाराणसी में 30 मिनट तक फ्लाइट हवा में ही घूमती रही। कोहरे के चलते लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली। इसके बाद फ्लाइट 150 पैसेंजर को लेकर वापस मुंबई लौट गई। भीषण ठंड और सर्द हवाओं के आगे हल्की धूप बेअसर साबित हो रही है।
लखनऊ में दृश्यता सिर्फ 20 मीटर
शुक्रवार को लखनऊ में घना कोहरा पड़ रहा है। इसकी वजह से विजिबिलिटी करीब 20 मीटर तक आ गई। कोहरे की वजह से सड़कों पर सिर्फ स्ट्रीट लाइट ही दिख रही थी। गुरुवार दिन में अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है, जोकि सामान्य से 1.3 डिग्री नीचे था। यहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
लखनऊ का अगले 5 दिन का पूर्वानुमान….
तारीख | न्यूनतम | अधिकतम |
30 दिसंबर | 10 | 22 |
31 दिसंबर | 11 | 22 |
1 जनवरी | 10 | 21 |
2 जनवरी | 9 | 21 |
3 जनवरी | 9 | 20 |
4 जनवरी | 9 | 20 |
कानपुर में नए साल पर बढ़ेगी सर्दी
गुरुवार-शुक्रवार की रात कानपुर में सीजन की सबसे सर्द रात रही। रात का पारा 5.3 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी 2 डिग्री गिरकर 21.4 डिग्री तक नीचे आ गया। अनुमान है कि अगले 24 घंटों में मौसम फिर करवट लेगा। तेज बर्फीली हवाएं चलेंगी। दिन-रात का पारा और गिरेगा। चार से पांच दिन में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री पहुंचने की संभावना है। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को दिन के तापमान 1.4 डिग्री और रात के तापमान में 1.2 डिग्री की कमी आई। यहां भी कोहरा छाया हुआ है।
वाराणसी में पारा 6 डिग्री और विजिबिलिटी 50 मीटर
वाराणसी में शुक्रवार को विजिबिलिटी 50 मीटर और तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। ग्रामीण इलाकों और हाईवे की तरफ ज्यादा हालात खराब हैं। गुरुवार देर रात रात स्पाइसजेट का विमान भी वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका।
मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि वाराणसी में ठंड अब बढ़ सकती है। जनवरी की शुरुआत में घने कोहरे के साथ ही तापमान 4-5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वाराणसी का अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 21 डिग्री सेल्सियस और 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब यह तापमान और भी नीचे आ सकता है।