मेरठ में प्रेमी ने प्रेमिका के घर लगाई आग:पुलिस की पहरेदारी में हो रही 2 बहनों की शादी

# ## Meerut Zone

(www.arya-tv.com)  मेरठ में प्रेमी ने एकतरफा प्यार में प्रेमिका के घर में आग लगा दी। लड़की ने शादी से मना किया तो झल्लाया प्रेमी पेट्रोल लेकर देर रात लड़की के घर पहुंचा और आग लगा दी। प्रेमी ने लड़की उसके होने वाले पति और पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी भी दी है। लड़की के परिजनों की शिकायत पर आज पुलिस की पहरेदारी में लड़की और उसकी बहन की शादी हो रही है।

यह है पूरा मामला
मामला मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के लोहिया नगर का है। इलाके में रहने वाले इकबाल पुत्र राजी ने थाने में तहरीर दी। बताया कि उसके 2 बेटियां हैं। दोनों की आज रविवार को शादी होनी है। लेकिन शादी से पहले सलमान पुत्र रहिसुद्दीन निवासी घोसीपुर ने शुक्रवार देर रात उनके घर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

घर की दीवारें, नया बना बाथरूम भी तोड़ दिया। बेटियों के पिता ने थाने में आरोपी सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद पुलिस को तहरीर दी। पिता की शिकायत पर पुलिस ने युवती के घर कांस्टेबल की ड्यूटी लगा दी है। उनकी पहरेदारी में आज दोनों लड़कियों की शादी कराई जाएगी।

एक तरफा प्यार में पागल है सलमान
लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि सलमान उसकी लड़की को कई दिनों से परेशान कर रहा है। वो उसे शादी करने को कहता लेकिन मेरी बेटी ने मना कर दिया। तो वो उसे रास्ते में आते-जाते छेड़ने लगा। जब उसे पता चला कि मेरी बेटियों की शादी हो रही है तो उसने शुक्रवार देर रात हमारे घर में आग लगाई, फिर अंदर आकर बोला कि अगर मैंने बेटी की शादी कहीं और कर दी तो वो दोनों बेटियों, उनके शौहरों, ससुरालियों, हमारे पूरे परिवार को गोली मार देगा। शादी नहीं होने देगा। बेटी को उठाकर ले जाएगा। वो पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुका है।