दिल्ली में बढ़ा बाढ़ का खतरा, स्थिति पर रहेगी 24 घंटे केजरीवाल सरकार की नजर

UP

दिल्ली में बढ़ रहे बाढ़ के खतरों के मद्देनजर सोमवार को सरकार की उच्चस्तरीय बैठक के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में राजधानी के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए दिल्ली सरकार की ओर से 2120 टेंट के इंतजाम किए गए हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि रविवार शाम हरियाणा ने 8.28 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा है, जो आने वाले 36-72 घंटे तक दिल्ली पहुंचेगा। ऐसी परिस्थिति में सरकार की ओर से जान-माल के नुकसान से बचने के हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है, सभी तैयारियां कर ली गई हैं, इसलिए घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

आपात स्थिति में मदद के लिए 011-22421656 और 011-21210849 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। कुल 23860 लोगों को बाढ़ क्षेत्रों से हटाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यमुना किनारे रहने वाले लोग आज यानी सोमवार शाम 6-7 बजे तक टेंट्स में आ जायें। आने वाले दो दिन मुश्किल भरे हो सकते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री ने लोगों को बिना घबराए किनारे के इलाकों से निकल कर खाली टेंट में आने की सलाह दी।

इन टेंट में सभी के लिए भोजन, पानी और शौचालय की पूरी व्यवस्था कर दी गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्ली में रहने वालों को नदि किनारे के इलाकों से हट कर दूसरी जगह जाने को कहा। उन्होंने कहा कि बाढ़ के हालात में 23 हजार लोगों के प्रभावित होने की संभावना है। सरकार ने विपरीत परिस्थितियों से निपटने के पुख्ता इंतजाम किए हैं।