चंद्रशेखर के लिए मांगी जेड प्लस सुरक्षा; कहा- बहुजनों के सीने पर बुलडोजर चढ़ाने को सरकार तैयार रहे

# ## Meerut Zone

(www.arya-tv.com) भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर पर हुए हमले के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा है। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हुए हमले को कार्यकर्ता कुछ राजनीतिक दलों की साजिश कह रहे हैं। वहीं पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं की मांग है कि चंद्रशेखर को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी जाए। अगर सुरक्षा नहीं मिली तो सरकार हजारों कार्यकर्ताओं के सीनों पर बुलडोजर चलाने को तैयार रहे। हम अपने नेता के लिए खुद पर बुलडोजर चलवा लेंगे। मेरठ में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में हंगामा और प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर पर हमला करने वालों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की ठोको नीति अब कहां गई।

यूपी सीएम अब चुप क्यों है

बृहस्पतिवार को तमाम कार्यकर्ता कमिश्नरी चौराहे से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। आजाद समाज पार्टी मेरठ के जिलाध्यक्ष पवन गुर्जर ने कहा कि देश में बहुजनों के सबसे बड़े नेता चंद्रशेखर हैं। उन्हीं पर जानलेवा हमला किया गया है।

उनके हमलावरों की गिरफ्तारी हो उन्हें कठोर सजा मिले। साथ ही हमारे नेता चंद्रशेखर को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी जाए। कहा कि आज चंद्रशेखर देश के बहुजनों की आवाज उठा रहे हैं। उनका बड़ा चेहरा है। जब यूपी सीएम ठोको नीति की बात करते हैं तो अब हमलावरों को पकड़ने पर खामोश क्यों है।

जो चुप हैं वो बहुजनों से प्यार नहीं करते

यह बहुत निंदनीय घटना है। जो राजनीतिक दल और नेता इस हमले पर खामोश है वो देश के बहुजनों, पीड़ितों के प्रति प्रेम नहीं रखते। ऐसे लोग बाबा आंबेडकर के बनाए संविधान से लगाव नहीं रखते हैं। कहा कि भीम आर्मी धरना, प्रदर्शन, जेल भरो आंदोलन से लेकर सड़कें जाम करने से नहीं डरता।

हम लोग अपनी छाती पर सरकार का बुलडोजर चढ़वा लेंगे लेकिन हम अपने नेता के साथ ऐसी घटना को बर्दाश्त नहीं करेंगे। कहा कि चंद्रशेखर पर हमले का कारण उनकी बढ़ती लोकप्रियता है इससे कई राजनीतिक दलों के लोग घबरा गए हैं, उससे घबराकर ही उन्होंने इस तरह की घटना को अंजाम कराया है।

कार्यकर्ता चंदा इकट्‌ठा करके सरकार को देंगे
चतर सिंह जाटव ने कहा कि चंद्रशेखर को सुरक्षा मिलना चाहिए। जो व्यक्ति बहुजन समाज की लड़ाई लड़ने का काम कर रहा है। अगर प्रदेश सरकार जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा नहीं दे सकती, उस खर्चे को उठा नहीं सकती तो पूरा बहुजन समाज खुद चंदा एकत्र कर यूपी सीएम को देंगे, लेकिन चंद्रशेखर जी को सुरक्षा मिलना चाहिए।

बागेश्वर बाबा को जेड प्लस हमारे नेता को भी मिले
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष विजेंद्र सूद ने कहा कि जिन लोगों ने चंद्रशेखर पर हमला किया है वो समझ लें कि चंद्रशेखर की कौम के लोग इतने कमजोर नहीं कि अपने नेता की सुरक्षा नहीं कर पाएंगे। हम प्रशासन से चंद्रशेखर जी को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा की मांग करते हैं।

बागेश्ववर बाबा को जेड प्लस की सुरक्षा है तो चंद्रशेखर जी को भी मिलना चाहिए। कहा कि सुरक्षा नहीं मिली तो हम लोग जेल भी जाएंगे, जेलें कम पड़ जाएंगी लेकिन हम अपने नेता के लिए पीछे नहीं हटेंगे।