मुनव्वर राना की बेटी उरुषा समेत 30 कांग्रेसियों को शांतिभंग की धाराओं में 14 दिन के लिए जेल भेजा गया

Lucknow

(www.arya-tv.com)महिला उत्पीड़न के विरोध में राजधानी लखनऊ में गुरुवार को प्रदर्शन कर रहीं शायर मुनव्वर राना की बेटी उरुषा राना समेत 30 कांग्रेसियों को शांति भंग में 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया। दरअसल, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला उत्पीड़न के मुद्दे को लेकर योगी सरकार के खिलाफ गुरुवार को परिवर्तन चौक से विधानसभा तक प्रदर्शन करने वाले थे। लेकिन परिवर्तन चौक पर ही पुलिस ने घेराबंदी कर कांग्रेसियों को आगे बढ़ने से रोक लिया और हिरासत में ले लिया था। इस दौरान झड़प भी हुई। जिन कांग्रेसियों को जेल भेजा गया है, उनमें महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीप्रकाश त्रिपाठी भी शामिल हैं।

महिला कार्यकर्ताओं से हुई पुलिस से झड़प

प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर कार्यकर्ता आज परिवर्तन चौक से विधानसभा तक मार्च कर प्रदर्शन करने वाले थे। लेकिन परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन करने आई महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया गया। महिला पुलिस कर्मियों के द्वारा जबरन उन्हें गाड़ी में बैठाया जाने लगा। पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने लगी। पुलिस के द्वारा जबरन महिला कार्यकर्ताओं को गाड़ी में बैठा कर वहां से हटाया गया। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए परिवर्तन चौक पर पुलिस बल लगाया गया है। प्रदर्शन में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान, जिला कांग्रेस के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल होने पहुंचे थे।