शिया धर्मगुरु मौलाना सैफ अब्बास पर 5 हजार का इनाम घोषित,,कुर्की की तैयारी

Uncategorized

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीते साल CAA-NRC (नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर) की आड़ में चार थाना क्षेत्रों में हिंसा हुई थी। इस मामले में लखनऊ कमिश्नरेट ने एक्शन शुरू कर दिया है। गुरुवार को शिया धर्मगुरु मौलाना अब्बास समेत 14 अन्य आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम तय किया है। इनमें से 8 आरोपियों को वांटेड घोषित किया गया है। इस बाबत पुराने लखनऊ जैसे चौक, हसनगंज आदि क्षेत्र व आरोपियों के घर के बाहर पोस्टर चस्पा कराए गए हैं।

दिसंबर 2019 को भड़की थी हिंसा

2019 में अफगानिस्तान, पाकिस्तान व बांग्लादेश में प्रताड़ित हिंदुओं को भारत में नागरिकता देने के लिए नागरिकता संशोधन कानून बनाया था। इसके बाद देशभर में हिंसक घटनाएं हुईं। राजधानी लखनऊ भी इससे अछूता नहीं रहा। यहां 19 दिसंबर 2019 को चार थाना क्षेत्रों में सीसीए/एनआरसी के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया गया। विरोध के आड़ में साजिश के तहत उपद्रवियों ने पुलिस पर हमला बोल दिया था। पथराव और गोलीबारी में कई लोग घायल हो गए थे। परिवर्तन चौक पर पुलिस की गाड़ियों में आग तक लगा दी गई थी। वहीं, हुसैनाबाद पुलिस चौकी में भी उपद्रवियों ने आगजनी की थी। इस मामले में हजरतगंज, कैसरबाग, ठाकुरगंज, हसनगंज व चौक थाने में दर्जनों FIR दर्ज की गई थीं।

सरेंडर करने की फिराक में आरोपी
हिंसा भड़काने के आरोपित पुलिस की सख्ती व कुर्की के आदेश के बाद कोर्ट में आत्मसमर्पण की फिराक में हैं। वहीं, पुलिस इन्हें हर हालात में गिरफ्तारी करने की तैयारी कर चुकी है। इसके लिए कोर्ट से लेकर इनके करीबियों तक पर 24 घंटे नजर बनाए हुए है। सभी के खिलाफ पुलिस ने 5-5 हजार का इनाम घोषित करने के साथ कुर्की की प्रक्रिया के तहत ठाकुरगंज पुलिस ने सभी के घर के बाहर डुगडुगी पिटवाई और नोटिस चस्पा कर दी।

ठाकुरगंज थाने में 27 आरोपित थे, 11 गिरफ्तार हो चुके

संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीन अरोरा ने बताया कि हिंसा भड़काने के आरोपित मोहम्मद आलम, मोहम्मद ताहिर, रिजवान, नयाब, अहसन, इरशाद, हसन व इरशाद गैंगस्टर एक्ट में वांछित हैं, जो हिंसा के बाद से फरार हैं। ठाकुरगंज थाने में दर्ज मामले में कुल 27 आरोपित थे। इनमें 11 को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जबकि एक ने आत्मसमर्पण कर दिया था। वहीं, 7 आरोपितों ने कोर्ट से अरेस्ट स्टे ले रखा है।

)