UP Outsource Employees: आज हर जिले में जुटेंगे 500 तक आउटसोर्स कर्मी, CM योगी करेंगे नई व्यवस्था का शुभारंभ

# ## Lucknow

उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम से संबंधित कार्यक्रम दो सितंबर को प्रदेशभर के जिलों में भी आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में निगम की प्रबंध निदेशक अमृता सोनी ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर कार्यक्रम की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पत्र के मुताबिक, बुधवार को सुबह 11 बजे लोकभवन स्थित प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक की घोषणा के साथ उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण, वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ होगा।

निगम की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि इसी अवसर पर प्रदेश के प्रत्येक जनपद में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इनमें मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाने के साथ आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक और अन्य घोषणाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए जिलों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में नगर निगम और नगर पालिकाओं समेत संबंधित नगरीय निकायों को नोडल विभाग के रूप में जिम्मेदारी दिए जाने को कहा गया है। निगम की ओर से जिलाधिकारियों से जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को अपेक्षित गरिमा के साथ आयोजित कराने का अनुरोध किया गया है। कार्यक्रम से संबंधित फोटो और वीडियो निगम को भेजने के लिए एक ई-मेल भी जारी किया गया है।

450 से 500 आउटसोर्स कर्मी बुलाए जाएंगे

प्रत्येक जनपद में विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत यथासंभव 450 से 500 आउटसोर्स कर्मियों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम में बुलाने को कहा गया है। आयोजन को गरिमापूर्ण ढंग से कराने और इसकी फोटो व वीडियो निगम को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

न्यूनतम पारिश्रमिक समेत अन्य सुविधाओं की दी जाएगी जानकारी

कार्यक्रम में आउटसोर्स कर्मियों के लिए शासन की ओर से घोषित न्यूनतम पारिश्रमिक तथा इससे जुड़े अन्य प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। निगम के पत्र में ईपीएफ/ईएसआईसी कटौती, भर्ती में पारदर्शिता, सेवा संरक्षण, प्रशिक्षण और अन्य बेहतर सरकारी सुविधाओं से संबंधित बिंदुओं को भी प्रचारित करने को कहा गया है। यह कार्यक्रम आउटसोर्स कर्मियों के बीच नई व्यवस्था की जानकारी पहुंचाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निर्माण श्रमिकों और सफाई कर्मियों के लिए भी कार्यक्रम

दो सितंबर को होने वाले आयोजन में श्रम विभाग की ओर से संचालित बीओसीडब्ल्यू (Building and Other Construction Workers) योजना के लाभार्थियों को चेक वितरण भी कराया जाएगा। इसके अलावा सफाई कर्मियों को किट वितरित करने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए जाने के निर्देश हैं।