- तारा शक्ति केंद्रों से महिला सशक्तिकरण को गति, 1 लाख से अधिक भाजपा झंडे और राष्ट्रीय ध्वज तैयार
लखनऊ, 1 सितंबर 2026। सरोजनीनगर दक्षिण द्वितीय मंडल में आयोजित ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम में 21 सेक्टर संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों के साथ क्षेत्र की जनसमस्याओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से संवाद किया गया। कार्यक्रम के दौरान सड़क-नाली, सीवर, जलभराव, बिजली, पेयजल, पेंशन, आवास, रोजगार और शिक्षा समेत विभिन्न समस्याओं से संबंधित 98 आवेदन प्राप्त हुए। डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को भेजते हुए शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।

- 170 से अधिक तारा शक्ति केंद्र, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मातृशक्ति को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए तारा शक्ति केंद्रों की संख्या अब 170 से अधिक हो चुकी है। इन केंद्रों के माध्यम से 2,000 से 2,500 तक सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है। तारा शक्ति केंद्रों की महिलाओं ने अब तक 1 लाख से अधिक भाजपा झंडे, 50 हजार से अधिक स्कूल बैग और 1 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए हैं। राष्ट्रीय ध्वज निर्माण के लिए 5 लाख का लक्ष्य रखा गया है।
- 2 हजार से अधिक मेधावी बच्चों को लैपटॉप-साइकिल, 32 हजार बच्चों को डिजिटल शिक्षा
उन्होंने बताया कि सरोजनी नगर में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 2,000 से अधिक मेधावी बच्चों को लैपटॉप एवं साइकिल देकर सम्मानित किया गया है। वहीं 70 से अधिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं, जिनसे करीब 32 हजार बच्चों एवं बेटियों को आधुनिक शिक्षा का लाभ मिल रहा है। 100 से अधिक विद्यालयों में CSR के माध्यम से झूले भी स्थापित कराए गए हैं।
- 150 से अधिक पार्कों में ओपन जिम, स्पोर्ट्स लीग से जुड़े 10 हजार बच्चे
स्वास्थ्य और खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में 150 से अधिक पार्कों में ओपन जिम स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 100 नए ओपन जिम को LDA से स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग के माध्यम से पिछले साढ़े तीन वर्षों में 10 हजार से अधिक बच्चों को खेलों से जोड़ा गया है।
- 300 से अधिक मंदिरों का जीर्णोद्धार, महापुरुषों की विरासत को संरक्षण
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सनातन संस्कृति और विरासत के संरक्षण को भी जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। सरोजनी नगर में अब तक 300 से अधिक मंदिरों का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया गया है। इसके साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी, भगवान परशुराम और हेमू कलानी की प्रतिमाओं की स्थापना तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर की 30 से अधिक प्रतिमाओं के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण का कार्य कराया गया है।
- तारा शक्ति रसोई से प्रतिदिन 4 हजार लोगों को भोजन, उपचार के लिए 27 करोड़ की मदद
जनसेवा के क्षेत्र में तारा शक्ति निःशुल्क रसोई के माध्यम से प्रतिदिन करीब 4 हजार लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। लोकबंधु अस्पताल स्थित रसोई से भी प्रतिदिन करीब 2 हजार लोगों को भोजन कराया जाता है। डॉ. राजेश्वर सिंह के अनुसार अब तक 14 हजार से अधिक पत्रों के माध्यम से जनसमस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया गया है। उपचार से जुड़े 2,500 से अधिक पत्रों के माध्यम से 1,700 से अधिक जरूरतमंदों को करीब 27 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिली है।
- ‘चाय पर चर्चा’ को बताया जनसंवाद और समाधान का माध्यम
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि ‘चाय पर चर्चा’ केवल संवाद का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को सीधे समझने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरोजनी नगर में विकास और जनसेवा के प्रत्येक कार्य के केंद्र में परिवार की भावना है—बच्चे शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनें, माताएं-बहनें सशक्त हों, वरिष्ठ नागरिक स्वस्थ रहें और जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिले।
कार्यक्रम में सरोजनीनगर दक्षिण द्वितीय मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य, मंडल उपाध्यक्ष कार्तिकेय दीक्षित, अशोक कुमार चौधरी, हनुमान प्रसाद, वीरेन्द्र सिंह, सुभाष चन्द्र जैतली, रमाशंकर दुबे, मंडल महामंत्री अखिलेश कुमार त्रिपाठी, नितेश कुमार वार्ष्णेय, मंडल मंत्री इंजीनियर अरविंद पाण्डेय, मुकेश मौर्य, पूनम यादव, राजकुमारी कोरी, रमेश शर्मा, राजीव कुमार मिश्रा, मंडल कोषाध्यक्ष रीतू सिंह, सोशल मीडिया प्रभारी आशीष पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता रमा शंकर त्रिपाठी, पार्षद के.एन. सिंह सहित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
