UP में MLC इलेक्शन:मंडप से मतदान केंद्र पहुंचीं दुल्हनें; विदाई से पहले नागरिक होने की फर्ज निभाया

UP

(www.arya-tv.com)हरदोई और आगरा के युवाओं में मतदान को लेकर जागरुकता दिखी। हरदोई में एक नवविवाहिता विदाई से पहले मंडप से मतदान केंद्र पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया। विवाहिता ने कहा कि वोट डालकर अब मैं आश्वस्त हूं। अब डोली चढ़कर अपनी ससुराल जाऊंगी। वहीं, आगरा में भी एक दुल्हन ने जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज निभाया।

हरदोई: शादी के मंडप से उठकर आई प्रीति

दरअसल, बघौली के महमदपुर के रहने वाले शिवाकांत अवस्थी की बेटी प्रीति की सोमवार को शादी थी। बालामऊ से दूल्हा राधा कृष्ण दीक्षित बारात लेकर आया था। सोमवार रात विधि विधान से शादी हुई। मंगलवार को कलेवा की तैयारी चल रही थी। इस बीच प्रीति ने वोटिंग के बाद शादी की अन्य रस्में अदा होने की इच्छा जताई। परिवार वालों ने भी सहमति जताई। इस पर विदाई से पहले प्रीति मंडप से उठकर अपने बूथ पर पहुंच कर मतदान किया। प्रीति ने कहा कि मतदान करना सबका अधिकार एवं दायित्व है जिसे बखूबी निभाना चाहिए।

आगरा: शादी के जोड़े में पहुंची दुल्हन

ताजगंज क्षेत्र में स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज में मंगलवार सुबह दुल्हन अंजली शादी जोड़े में मतदान करने पहुंची। मतदान करने के बाद अंजली ने कहा कि हर मतदाता को मतदान जरूर करना चाहिए। मैंने विदाई से पहले नागरिक का फर्ज निभाया है।