ऋषिकेश: इस वक्त की बड़ी खबर ऋषिकेश से सामने आ रही है। यहां योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास खंड गांव इलाके में एक हादसा हो गया। दरअसल, यहां उज्जैन एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय ट्रेन में कोई भी यात्री सवार नहीं था। बता दें कि बीते दिनों लगातार ट्रेन हादसों के मामले सामने आ रहे हैं। सोमवार को सासाराम में एक ट्रेन में आग लग गई। इससे पहले रविवार को भी एमपी में राजधानी एक्सप्रेस में आग लग गई थी।
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
शुरुआती जांच में पता चला है कि नियमित रखरखाव के दौरान ट्रेन के ब्रेक फेल हो गए थे, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं पूरी ट्रेन की आवाजाही को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी ढाई घंटे तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। वहीं दुर्घटना के बाद पटरियों पर भारी भीड़ जमा हो गई। GRP (सरकारी रेलवे पुलिस) के जवानों ने मोर्चा संभाला और लोगों को घटनास्थल से हटाया। फिलहाल रेलवे विभाग ने जांच शुरू कर दी है। रेलवे का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
