नौसेना का जवान 17 दिनों से गायब:ड्यूटी के दौरान शिप से हुआ लापता

National

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में अमेठी का रहने वाला युवक मोहम्मद अरमान नौसेना में तैनात है। परिजनों के अनुसार, वो ड्यूटी से लापता हो गया। 17 दिन गुजर गए हैं लेकिन उसका अब भी कुछ पता नहीं है। इससे उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमेठी सांसद स्मृति ईरानी से मदद की गुहार लगाई है।

जिले के जामो थाना क्षेत्र के उमराडीह गांव निवासी मोहम्मद रऊफ का बेटा मोहम्मद अरमान (21) दो साल पहले नौसेना में भर्ती हुआ था। फिलहाल वो गुजरात के पोरबंदर में ड्यूटी कर रहा था। पिछले माह छुट्टी पर घर आया था और वापस ड्यूटी पर गया।

परिजनों के अनुसार, ड्यूटी पर जाने के बाद वो शिप पर सवार हुआ और ड्यूटी करके वापस लौटा था। लेकिन 17 दिन पहले जब वह दूसरी बार शिप में सवार होकर ड्यूटी करने गया तब वह वापस नहीं आया। शिप में उसके साथ क्या हुआ? कब हुआ ? कैसे हुआ? किसी को कुछ भी पता नहीं है।

30 अप्रैल को परिजनों को मिली सूचना
30 अप्रैल 2021 को नौसेना ने मो. अरमान के मिसिंग की सूचना का लेटर घर भेजा। जैसे ही लेटर मिला तो घर वालों के तो होश उड़ गए। तबसे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार ने अधिकारियों से बात की। लेकिन, किसी ने भी सही और स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

परिवार के लोग रोजाना नौसेना के संपर्क में हैं। 17 दिन बीतने के बाद भी अरमान का कोई पता नहीं चल सका है। अब परिवार ने पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमेठी सांसद से मदद की गुहार लगाई है।