Sitapur News: सीतापुर में कुल्हाड़ी से वार कर ताई की हत्या, आरोपी प्रदीप हिरासत में

# ## Lucknow

सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र के सुजौलिया गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक ने अपनी ताई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, सुजौलिया निवासी रामदेवी (60), पत्नी स्वर्गीय श्रीराम, शुक्रवार सुबह दीपू के घर आई थीं। इसी दौरान प्रदीप उर्फ समदू अपने घर से बाहर निकला और रामदेवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रामदेवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की चर्चा

ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी प्रदीप की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जाती है। बताया गया कि वह वर्षों से घर से बाहर नहीं निकलता था। हालांकि, घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

वारदात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इतुल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। क्षेत्राधिकारी सिधौली वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।