शाहजहांपुर के रोडवेज बस अड्डे पर बृहस्पतिवार को एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रधान लिपिक नृपेश सिंह को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
आरोप है कि वह चालकों और परिचालकों की ड्यूटी लगाने के बदले रुपये मांग रहा था। बरेली से पहुंची टीम की कार्रवाई से बस अड्डे पर खलबली मच गई।
चालक की शिकायत पर बिछाया जाल
एंटी करप्शन टीम के मुताबिक, रोडवेज के चालक सुनील मिश्रा ने प्रधान लिपिक पर ड्यूटी लगाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
दोपहर 12 बजे पहुंची टीम
बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे एंटी करप्शन टीम रोडवेज बस स्टेशन पहुंची। यहां रिश्वत लेने के आरोप में प्रधान लिपिक को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। टीम ने उसे चार हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद बस अड्डे पर कर्मचारियों के बीच हलचल मच गई।
थाने ले गई टीम, विधिक कार्रवाई शुरू
योजनाबद्ध तरीके से पहुंची एंटी करप्शन टीम ने प्रधान लिपिक को चार हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। अचानक हुई कार्रवाई से रोडवेज बस स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। टीम आरोपी को अपने साथ सदर बाजार थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आरएम बोले, मिली है जानकारी
ड्यूटी लगाने के बदले रिश्वत लेने के आरोप में हुई कार्रवाई के बाद रोडवेज विभाग में मामला चर्चा का विषय बन गया। आरएम अरुण कुमार ने बताया कि उन्हें कार्रवाई की जानकारी मिली है। जिस समय टीम ने कार्रवाई की, उस समय वह कार्यालय में मौजूद नहीं थे।
