सपा से बगावत के बाद अब BJP में राकेश प्रताप सिंह, बोले- आस्था और सिद्धांतों के साथ शुरू होगी नई राजनीतिक पारी

# ## Lucknow

अमेठी। गौरीगंज से समाजवादी पार्टी के टिकट पर लगातार तीन बार विधायक चुने गए राकेश प्रताप सिंह अब भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं। वह 14 अक्टूबर 2026 को अमेठी में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके साथ सपा के बागी विधायक अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी के भी भाजपा में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

राकेश प्रताप सिंह 2024 के राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा के आठवें उम्मीदवार के पक्ष में मतदान को लेकर चर्चा में आए थे। इसके बाद समाजवादी पार्टी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। बाद के समय में भी वह भाजपा के पक्ष में बयान देते नजर आए। अब उनके भाजपा में औपचारिक रूप से शामिल होने को अमेठी की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

14 अक्टूबर को होगा सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम

राकेश प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर गौरीगंज क्षेत्र के लोगों से 14 अक्टूबर यानी की आज के कार्यक्रम में शामिल होने और आशीर्वाद देने की अपील की है। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम उनके निजी आवास ‘मंगलम’, गौरीगंज के सामने स्थित प्रांगण में सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के मौजूद रहने की जानकारी है।

‘राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण दिन’ बताया

भाजपा में शामिल होने से पहले जारी अपने संदेश में राकेश प्रताप सिंह ने 14 अक्टूबर को अपने राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण और भावनात्मक दिन बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सदस्यता लेना उनके लिए सिर्फ राजनीतिक दल बदलना नहीं है, बल्कि अपनी आस्था, संस्कारों और सिद्धांतों के साथ नई राजनीतिक यात्रा शुरू करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक मूल्यों को प्राथमिकता दी है।

राम मंदिर को लेकर जताई नाराजगी

राकेश प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी में रहते हुए सामने आए कुछ बयानों और घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सनातन धर्म, धार्मिक परंपराओं और पवित्र ग्रंथों से जुड़ी टिप्पणियों से उनकी भावनाएं आहत हुईं।

उन्होंने विशेष रूप से रामलला के दर्शन के लिए नहीं जाने देने की बात का उल्लेख किया। उनके मुताबिक, इसी दौरान उनके मन में यह विचार मजबूत हुआ कि जिस राजनीतिक विचारधारा से उनकी आस्था और अंतर्मन सहमत नहीं है, उसके साथ आगे राजनीतिक सफर जारी रखना संभव नहीं होगा।

मोदी-योगी नेतृत्व का किया जिक्र

राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, जनसेवा के संकल्प और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की विचारधारा से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा के साथ नई राजनीतिक यात्रा शुरू करने का निर्णय लिया है।

‘गौरीगंज मेरा परिवार है’

गौरीगंज की जनता से भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि पिछले करीब 15 वर्षों की राजनीतिक यात्रा में क्षेत्र के लोगों से मिले स्नेह, भरोसे और अपनत्व को वह अपनी सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियां और रास्ते जरूर बदले हैं, लेकिन जनता के साथ उनका रिश्ता लगातार मजबूत हुआ है। उनके लिए गौरीगंज सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका परिवार है।

विकास और खुशहाली का किया वादा

राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि गौरीगंज की मिट्टी और यहां के लोगों के साथ वर्षों से जुड़े सुख-दुख के रिश्ते उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास और खुशहाली के लिए आगे भी पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से काम करने की बात कही।

उन्होंने लोगों से 14 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर अपना आशीर्वाद देने की अपील की।