लखनऊ में हंगामा:बाराबंकी में दलित लड़की से गैंगरेप और हत्या के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया

UP

(www.arya-tv.com) बाराबंकी में दलित नाबालिग के साथ गैंगरेप और हत्या के खिलाफ शुक्रवार को आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने लखनऊ कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस जवानों से झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे तमाम कार्यकर्ताओं को चोट आई है। पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने कहा कि भाजपा के योगीराज में पूरे प्रदेश में बहू बेटियां सुरक्षित नहीं रही। आए दिन प्रदेश में बच्चियों की हत्या हो रही है और उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया जा रहा है। योगी सरकार की पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने, बलात्कारियों को गिरफ्तार करने के बजाए घटना के विरोध में प्रदर्शन करने वाले लोगों पर लाठियां बरसाती हैं। उनके साथ अभद्रता करती है और गिरफ्तार कर लेती है।

क्या योगी राज में महिलाओं की सुरक्षा की मांग करना अपराध है? बच्चियों के साथ हो रहे सामूहिक दुष्कर्म और जघन्य हत्या का विरोध करना अपराध है? प्रदेश की जनता को अब ऐसी सरकार को उखाड़ फेंक देना चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत न करे। इसके लिए प्रदेश की योगी सरकार और उनका पुलिस और प्रशासनिक तंत्र लाठियां बरसाता है और गिरफ्तार करता है। महिलाओं की सुरक्षा की मांग करने पर डराया और धमकाया जा रहा है। आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता योगी सरकार की तानाशाही से झुकने वाला नहीं है। योगी सरकार और उनकी पुलिस लाठी के बल पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं की आवाज को नहीं रोक सकती।