लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, 30 विधायकों को जबरन इको गार्डेन में छोड़ा

Lucknow

(www.arya-tv.com) हाथरस में दलित युवती के साथ हैवानियत के मामले में विपक्षी दलों का योगी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के अलावा वाराणसी, मुरादाबाद, बागपत, औरैया जिले में सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। लखनऊ में लाठीचार्ज के बाद 30 विधायकों को हिरासत में लेकर इको गार्डेन छोड़ा गया। इस दौरान कई सपा कार्यकर्ता घायल भी हुए। वहीं, मुरादाबाद में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

समाजवादी पार्टी कार्यालय में विधानमंडल में नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी सभा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम की अगुवाई में करीब 40 विधायक पैदल मार्च करते हुए हजरतगंज गांधी प्रतिमा की तरफ बढ़े। पार्टी कार्यालय से कुछ दूरी पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया गया। जिस पर पुलिस और समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच बहस हुई। पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कार्यकर्ताओं के सर फट गए। समाजवादी पार्टी के करीब 30 विधायक हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजे गए। विधायकों का एक धड़ा अभी भी राज भवन चौराहे पर धरने पर बैठा है। पुलिस के अधिकारी दूसरे विधायकों से भी बातचीत कर रहे हैं।

मुरादाबाद में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया आत्मदाह का प्रयास

जिले में स्थानीय कांग्रेसी नेता पूरे प्रदेश में लगातार बढ़ रही घटनाओं के विरोध में, कानून व्यवस्था और हाथरस में बेटी के साथ हुई दरिंदगी और किसानों के उत्पीड़न को लेकर 2 अक्टूबर को उपवास रखकर गांधी पार्क में बैठने के लिए पहुंचे। जिला प्रशासन ने उनको पार्क में नहीं बैठने दिया। जिसके बाद मुरादाबाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विनोद गुंबर ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए माचिस छीनकर आग लगाने से रोक लिया और कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में ले लिया।