कांग्रेस के टिकट के लिए प्रियंका वाड्रा ने बनाया फर्मूला, जानिए कब तय किए जायेंगे प्रत्याशी

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) लखनऊ में चार दिनों तक संगठन के रणनीतिकारों से मंथन के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने तय कर लिया है कि विधानसभा चुनाव में वह कैसे बिसात बिछाएंगी। प्रदेश चुनाव समिति के साथ हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में स्पष्ट कर दिया गया कि इस बार कोई टिकट सिफारिश पर नहीं दिया जाएगा।

प्रियंका ने फार्मूला बनाया है कि स्क्रीनिंग कमेटी हर जोन में जाएगी। दावेदार की क्षमता परखेगी, संगठन से फीडबैक लेगी और पैनल बनाती जाएगी। पार्टी का लक्ष्य है कि नवंबर तक सभी 403 विधानसभा सीटों के प्रत्याशी तय कर दिए जाएं।

लखनऊ दौरे पर सोमवार को आईं कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने दो दिन तक अस्थायी आवास कौल हाउस में वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठकें कीं। दरअसल, अब वह जल्द से जल्द प्रत्याशी तय कर देना चाहती हैं, इसीलिए आवेदन लिए जाने के बीच ही स्क्रीनिंग कमेटी को लखनऊ बुला लिया।

इस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह हैं, जबकि सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और महाराष्ट्र विधायक वर्षा गायकवाड़ सदस्य हैं। पदेन सदस्य प्रभारी-महासचिव प्रियंका, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा हैं। प्रियंका ने इनके साथ बैठक कर टिकट वितरण के फार्मूले पर चर्चा की।

स्क्रीनिंग कमेटी ने चुनाव समिति के साथ भी बैठक की, जिसमें सभी छह राष्ट्रीय सचिव, नेता विधान परिषद दल दीपक सिंह, विधायक सोहेल अख्तर अंसारी, नरेश सैनी और मसूद अख्तर के अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री, पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, राशिद अल्वी और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य आदि शामिल हुए।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष ने बैठक में स्पष्ट कहा कि यहां लखनऊ या दिल्ली से टिकट तय नहीं होंगे। इसके लिए तय कमेटी संबंधित जोन में जाकर यथासंभव 72 घंटे में प्रत्याशी घोषित कर देगी। हर जोन में करीब 50 विधानसभा क्षेत्र होंगे। समिति संभवत: 15-16 अक्टूबर से दौरे पर निकलेगी।

सप्ताह में पांच दिन यूपी में ही रहेंगी प्रियंका : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने तय कर लिया है कि अब वह विशेष परिस्थिति न होने पर सप्ताह में पांच दिन यानी सोमवार से शुक्रवार तक यूपी प्रवास पर रहेंगी। काशी से दस अक्टूबर को वह रैली की शुरुआत करेंगी। उसके बाद हर दो जोन में एक रैली करेंगी। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली रवाना हो रहीं प्रियंका रविवार रात को फिर लखनऊ लौटेंगी।

19 नवंबर को आएंगे राहुल गांधी, लखनऊ में रैली : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की रैलियां आधे नवंबर तक पूरी करने का कार्यक्रम है, क्योंकि 19 नवंबर को पार्टी ने लखनऊ में राहुल गांधी की बड़ी रैली प्रस्तावित की है।

जातीय समीकरण साधने की भी कोशिश : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने गुरुवार को सोनकर, बंजारा, राजभर और निषाद समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगें और कांग्रेस की अपेक्षाओं पर चर्चा की।