लखीमपुर हिंसा…आज कांग्रेस का ‘मौन व्रत’:प्रियंका गांधी 3 घंटे रखेंगी मौन व्रत

# ## UP

(www.arya-tv.com)लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार केंद्र और राज्य सरकार पर हमलावर हैं। इसी कड़ी में प्रियंका आज GPO स्थित गांधी प्रतिमा पर मौन व्रत रखेंगी, जोकि तीन घटों तक चलेगा। उन्होंने हिंसा के आरोपी अशीष मिश्र के पिता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग की है।

प्रियंका गांधी वाड्रा के मौन व्रत को लेकर लखनऊ के सभी पदाधिकारियों को सोमवार सुबह से ही प्रदेश कांग्रेस दफ्तर पहुंचने के लिए कहा गया है। बड़ी संख्या में पार्टी दफ्तर से कार्यकर्ता गांधी प्रतिमा पर पहुंचेंगे। जहां प्रियंका गांधी प्रदर्शन में शामिल होंगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अजय मिश्रा टेनी की बरखास्तगी की मांग
लखीमपुर खीरी हिंसा को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार सक्रिय हैं। वो यूपी सरकार और भाजपा पर हमला करने का एक भी मौका हाथ से नहीं जाने दे रही हैं। लगातार गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के इस्तीफे की मांग को जारी रखते हुए सोमवार को उन्होंने मौन व्रत के माध्यम से विरोध करने की घोषणा की है।

हिंसा को लेकर प्रियंका सक्रिय
बता दें, लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा को लेकर प्रियंका गांधी काफी सक्रिय रही हैं। वह अन्य विपक्षी नेताओं से पहले लखीमपुर खीरी के लिए लखनऊ से रवाना हो गई थीं। हालांकि, सीतापुर में उन्हें हिरासत में ले लिया गया, लेकिन बाद में उन्हें और राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं को पीड़ित के परिजनों से मुलाकात करने की अनुमति दे दी गई थी।

संयुक्त किसान मोर्चा ने भी दी चेतावनी
संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने रविवार को केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि लखीमपुर हिंसा के मामले में 11 अक्टूबर तक केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को पद से नहीं हटाया गया। गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह चरणबद्ध प्रदर्शन शुरू करेगा। इससे पहले संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा था कि सरकार के पास मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए 11 अक्टूबर तक का समय है और ऐसा नहीं हुआ तो मोर्चा लखीमपुर खीरी हिंसा के खिलाफ चरणबद्ध प्रदर्शन शुरू करेगा।