प्रतापगढ़ : दुर्गा पंडाल देखने निकले बर्तन व्यापारी की नृशंस हत्या, नहर किनारे गड्ढे में मिला शव

# ## UP

 लालगंज नगर पंचायत के बाजार वार्ड निवासी 45 वर्षीय उमाशंकर गुड्डू  की ईंटों से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक का शव शीतलमऊ नहर के पास एक गड्ढे में पानी से लथपथ मिला, जिसके पास ही उनकी बाइक खड़ी पाई गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के भाई दीपू कौशल के अनुसार, उमाशंकर बर्तनों की फेरी लगाकर अपने परिवार (पत्नी सुमन देवी और तीन छोटी बेटियों) का भरण-पोषण करते थे। 14 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे वे काम से घर लौटे और रात 8 बजे के आसपास बाइक से दुर्गा पंडाल देखने के लिए निकले थे। अगले दिन सुबह करीब 7:30 बजे काली माता मंदिर के पास नहर किनारे एक व्यक्ति का शव होने की सूचना मिली। मौके पर पहुँचने पर पता चला कि उमाशंकर का सिर और सीना ईंट से बेरहमी से कुचला गया था। मृतक के भाई दीपू ने अपनी भाभी सुमन देवी और धारूपुर निवासी शहंशाह पर हत्या की साजिश का गंभीर आरोप लगाया है।

पहले भी हो चुका था विवाद

आरोप है कि सुमन और शहंशाह के बीच प्रेम संबंध था, जिसका विरोध करने पर पूर्व में भी आरोपी ने उमाशंकर के साथ मारपीट की थी। दीपू की तहरीर पर पुलिस ने सुमन, शहंशाह और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घटना के संबंध में सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि मृतक के भाई दीपू कौशल की शिकायत पर सुमन, शहंशाह समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।