उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए अपनी नई प्रदेश टीम की घोषणा कर दी है, जिसकी कमान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के हाथों में है। इस नई राज्य कार्यकारिणी में 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, 8 प्रदेश महामंत्री और 19 प्रदेश मंत्रियों की नियुक्ति की गई है।
यूपी भाजपा की नई टीम में कई प्रमुख चेहरों को शामिल कर जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने का प्रयास किया गया है। नई टीम में बाराबंकी से नए दो चेहरों को जगह मिली है। जिसमें प्रियंका सिंह रावत को प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।
वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर उपेंद्र सिंह रावत बाराबंकी की जैदपुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। 2019 में (बाराबंकी सुरक्षित लोक सभा) से तत्कालीन सांसद प्रियंका सिंह रावत का टिकट काटकर भाजपा नेतृत्व ने विधायक उपेंद्र सिंह रावत को टिकट दिया था।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी की लहर में प्रियंका सिंह को 4,54,214 वोट मिले थे, लेकिन उपेंद्र सिंह रावत ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 5,35,917 पाकर सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी राम सागर रावत को करारी शिकस्त दी थी। अपने संसदीय कार्यालय में सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने जन समस्याओं का निराकरण कराया।
उपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जिसमें हम जैसे सामान्य परिवार के व्यक्ति को इस तरह से सम्मान मिल सकता है। पार्टी नेतृत्व ने उनकी मेहनत का सही मूल्यांकन किया है। पीएम मोदी और सीएम योगी की जनकल्याणकारी नीयत व नीतियों को जनता के बीच पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशमें एक बार फिर बंपर बहुमत से योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी।
