गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां रामगढ़ ताल में नौका विहार के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 9:30 बजे स्पीड बोटिंग के दौरान दो स्पीड बोटों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में कुशीनगर के एक युवक की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद नौका विहार परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
दो बोटों के बीच हुई टक्कर
दरअसल, गोरखपुर के रामगढ़ ताल को एक पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित किया गया है। यहां गोरखपुर और आस-पास के लोग पर्यटन के लिए जाते हैं। वहीं रामगढ़ ताल में नौका विहार भी होती है, जिसमें लोग बोटिंग का लुत्फ लेते हैं। हालांकि रविवार की शाम को यहां बोटिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बोटिंग के दौरान दो स्पीड बोटों के बीच टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के पीपरा गांव निवासी 21 वर्षीय लखमुद्दीन के रूप में हुई है। वहीं गम्भीर रूप से घायल कयामुद्दीन अंसारी कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अजीज नगर का रहने वाला है।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों स्पीड बोटों के बीच हुई टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने लखमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं कयामुद्दीन अंसारी का इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर देर रात स्पीड बोट का संचालन और तेज रफ्तार जिससे स्पीड बोटिंग के दौरान नियंत्रण बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
