Balrampur fire:नई बाजार चौक पर जूते की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

# ## Lucknow

नगर के नई बाजार चौक पर रविवार देर रात एक जूते की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखे जूते-चप्पल, फर्नीचर समेत पूरा सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार विनोद कुमार सरकार के मुताबिक, इस हादसे में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात दुकान बंद थी। इसी दौरान देर रात आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा। उन्होंने शोर मचाकर लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान के अंदर रखा सामान तेजी से जलने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दमकल कर्मियों ने घंटों तक मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय दुकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि होने से बच गई।

दुकानदार विनोद कुमार सरकार ने बताया कि आग में उनका लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है। फिलहाल आग लगने की असल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।