इटावा : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मतदाता सूची और नागरिकता को लेकर साजिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि उसके सदस्य ही भारत के नागरिक हों और उन्हीं का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए। देश और संविधान को बचाने की बड़ी जिम्मेदारी अब समाजवादी पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं के कंधों पर है। दीपावली के अवसर पर रविवार को सैफई स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेशभर से पहुंचे नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज पूरे देश की निगाहें उत्तर प्रदेश और समाजवादी पार्टी पर टिकी हैं। लोग देखना चाहते हैं कि सपा भाजपा का मुकाबला कर पाएगी या नहीं। उत्तर प्रदेश में भाजपा को हरा दिया गया तो उसका सफाया तय है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई बड़ी है और इसे कमजोर नहीं होने देना है। इतिहास घटनाओं से बनता और बदलता है। भाजपा को अहसास हो गया है कि वह चुनाव हारने वाली है, इसलिए वह किसी भी रास्ते का इस्तेमाल कर सकती है। प्रदेश की जनता ने भी उसकी विदाई तय कर ली है। अपनी नाकामी के कारण अब उसे बाहर से लोगों को बुलाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सपा का उद्देश्य केवल कानून का राज स्थापित करना नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का राज कायम करना भी है। सरकार बनने पर पीड़ितों को उनका पूरा अधिकार दिलाया जाएगा और हर वर्ग को उसकी आबादी के अनुपात में सम्मान व अधिकार देने का प्रयास होगा।
दीप जलाने से दूर होता है अंधेरा : अखिलेश
उन्होंने देश-विदेश के सभी भारतीयों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस तरह दीया जलाने से अंधेरा दूर होता है, उसी तरह समाज से हर तरह की बुराई मिटाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसा कोई समय नहीं होता, जब अधर्म और बुराई के खिलाफ संघर्ष न करना पड़े। यह लड़ाई केवल बाहर ही नहीं, बल्कि व्यक्ति को अपने भीतर भी लड़नी पड़ती है। यदि समाज और मन से बुराई समाप्त हो जाए तो सकारात्मकता और इंसानियत ही शेष रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपना व्यवहार अच्छा रखने और भाषा पर नियंत्रण रखने की अपील की। कहा कि जितना अच्छा व्यवहार और संयमित भाषा होगी, जनता का उतना ही अधिक समर्थन मिलेगा। आगामी चुनाव की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि अब ज्यादा समय नहीं बचा है। दीपावली, गोवर्धन पूजा, छठ, नया साल और क्रिसमस जैसे त्योहारों के बीच चुनाव की तारीखें सामने आ जाएंगी। इसलिए कार्यकर्ता अभी से पूरी मुस्तैदी से मैदान में जुट जाएं।
