Pratapgarh News: दीपावली की रात खूनी खेल… भाइयों का झगड़ा शांत कराने गए फूफा की पीट-पीटकर हत्या, गांव में मातम

# ## UP

दीपावली की रात जब लोग घरों में खुशियां मना रहे थे, उसी दौरान महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे धुन्नू गांव (धोनू का पुरवा) में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में आपस में भिड़ रहे दो सगे भाइयों का झगड़ा शांत कराने पहुंचे 55 वर्षीय अमृतलाल पटेल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि दोनों भाइयों ने उनके साथ मारपीट की और एक ने उन्हें घर के सामने आरसीसी सड़क पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।

जानकारी के मुताबिक, खूंटीलाल पटेल के बेटे रोहित पटेल और मोहित पटेल दीपावली की रात करीब 9:30 बजे शराब के नशे में आपस में मारपीट कर रहे थे। दोनों भाइयों के घर के ठीक सामने अमृतलाल पटेल का मकान है। शोर-शराबा और मारपीट देखकर अमृतलाल दोनों के बीच विवाद शांत कराने पहुंच गए।

आरोप है कि बीच-बचाव करने से नाराज दोनों भाइयों ने अमृतलाल को भी निशाना बना लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान रोहित पटेल ने उन्हें घर के सामने बनी आरसीसी सड़क पर जोर से पटक दिया। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

खेती-किसानी कर परिवार का करते थे भरण-पोषण

अमृतलाल पटेल खेती-किसानी करके अपने परिवार का गुजारा करते थे। परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं। तीनों बच्चों की शादी हो चुकी है। दीपावली के त्योहार पर परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर समेत भारी पुलिस बल गांव पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया। वारदात से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और जमीन का पट्टा आवंटित करने की मांग उठाई।

इस संबंध में कुंडा एसडीएम के साथ परिजनों की लंबी बातचीत हुई। अधिकारियों की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए शव भेजने को तैयार हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।