लखनऊ आगरा एक्सप्रेस-वे पर पलटी यात्रियों से भरी बस:15 घायल एक की हालत गंभीर

# ## Lucknow

राजधानी लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह दर्दनाक हादसा पारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जीरो पॉइंट मोहान के पास हुआ। बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे, जो हादसे के बाद वाहन के अंदर ही फंस गए। गनीमत यह रही कि पुलिस और फायर सर्विस की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेवाड़ी से छपरा जा रही थी यात्रियों से भरी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस हरियाणा के रेवाड़ी से यात्रियों को लेकर बिहार के छपरा जा रही थी। जैसे ही बस लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे के जीरो पॉइंट मोहान के पास पहुँची, वह अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने से उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और दर्जनों लोग अंदर ही फंस गए।

फायर सर्विस और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पारा थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुँच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सरोजनीनगर के अग्निशमन अधिकारी (FSO) सुमित प्रताप सिंह ने फायर कर्मियों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली।

टीम ने भारी मशक्कत के बाद पलटी हुई बस के अंदर फंसे बच्चों, महिलाओं और अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों और प्रभावित यात्रियों को तुरंत इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। प्रशासनिक अधिकारियों की मुस्तैदी के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बचा ली गई।