एमपी चुनाव: ‘शिशुपाल के पापों का घड़ा भर चुका, कृष्ण बन जाओ’…धार की धरा पर प्रियंका गांधी का ‘धर्मगुरु’ वाला अवतार

National

(www.arya-tv.com) कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश के धार जिले में दौरे पर थीं। यहां उन्होंने बीजेपी की डबल इंजन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ‘शिशुपाल का घड़ा भर चुका है, इसलिए कृष्ण बन जाओ और उसे अलग कर दो।

‘ धार की धरा पर पहुंची प्रियंका ने धार्मिक दृष्टांतों के उदाहरण दिए। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे रुक्मणी की तरह अपने लिए रास्ता खोजें। मतदाताओं से कहा कि कृष्ण के रूप में शिशुपाल को अलग कर दें, खत्म कर दें। शिशुपाल की गलतियों का घड़ा भर चुका है।

भगवान कृष्ण ने शिशुपाल की 100 गलतियों को माफ कर दिया था और उसके बाद दंड दिया था। प्रियंका गांधी ने शिवराज सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बीते 18 साल में ढाई सौ से ज्यादा घोटाले हुए हैं। मगर, इन घोटालेबाजों के यहां कोई जांच एजेंसी नहीं भेजी गई।

जबकि, इन जांच एजेंसियों को सबके घर भेज दिया जाता है। किसी ने उनके खिलाफ बोला और वहां ईडी पहुंच जाती है। फिल्म के अभिनेताओं के घर भी ईडी पहुंच जाती है। मगर, यहां के अधिकारियों और नेताओं के यहां ईडी नहीं पहुंचती।

प्रियंका गांधी ने धार दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि मैं जब यहां आ रही थी तो नौजवानों से मैंने पूछा, क्या लगता है, इस बार के चुनाव में क्या होने वाला है, वह कहने लगे राजा जा रहा है और उनका वोट रोजगार देने वालों के लिए होगा।

प्रियंका गांधी ने राज्य में हुए घोटालों का जिक्र करते हुए कहा पोषाहार, मिडडे मील, एडमिशन, सर्व शिक्षा अभियान, स्कॉलरशिप, भर्ती परीक्षा, नौकरी, कारम डेम में भी घोटाला हुआ है। यहां व्यापम घोटाले में तो 50 से अधिक लोगों की मौत तक हुई है।

सवाल है, क्या इन्होंने इसकी जांच कराई? प्रियंका गांधी ने धार पहुंचने पर सबसे पहले मोहनखेड़ा तीर्थ में दर्शन किए और मंदिर के ट्रस्टियों से मुलाकात की।