कानपुर में सवारी को लूटने वाले गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

# ## Kanpur Zone

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान कर देने वाल मामला सामने आया है। शहर में ऑटो में सवारी बैठाकर लूटपाट करने वाले गैंग का ईस्ट जोन पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बदमाशों ने एक युवक को ऑटो में बैठाने के बाद सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन व नकदी लूट ली। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने इसी तरह की एक अन्य वारदात को भी अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

ऑटो में बैठाया, फिर सुनसान जगह पर की लूट

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर संकल्प शर्मा ने बताया कि 24 तारीख को चकेरी थाना क्षेत्र में मोहित नाम के युवक के साथ लूट की घटना हुई थी। तीन बदमाशों ने उसे ऑटो में बैठाया और फिर सुनसान इलाके में ले गए। वहां आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन और करीब 200 रुपये छीन लिए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया

डीसीपी ईस्ट और चकेरी थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों आयुष, उपेंद्र और विपिन को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर ऑटो में सवारी बैठाकर उसे सुनसान जगह ले जाते थे और मौका देखकर लूटपाट करते थे। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य संभावित मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। आपको बता दें कि इससे पहलेकानपुर में पुलिस ने कारखाने में काम करने के दौरान चांदी चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

हनुमंत विहार की लूट का भी हुआ खुलासा

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की एक लूट की वारदात को अंजाम देने की बात बताई। इस खुलासे के बाद पुलिस ने उस घटना को भी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गैंग ने शहर के अन्य इलाकों में भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।