हरदोई। दो वक्त की रोटी की आड़ में एक अनपढ़ के साथ फर्ज़ीवाड़ा किए जाने का मामला सामने आया है। हरदोई के माधौगंज थाना क्षेत्र में पैसों की किल्लत का हवाला देते हुए खेत गिरवी रखने के बहाने करीब दो करोड़ रुपए की जमीन का बैनामा करा दिया गया। आरोप है कि पांच लोगों ने जरूरत के नाम पर पांच लाख रुपये दिलाने और खेत गिरवी रखने का झांसा दिया। इसके बाद इकरारनामा कराने के बहाने उसकी जमीन का बैनामा करा लिया गया। पीड़ित का दावा है कि न तो उसे कोई रकम मिली और न ही जमीन के बदले भुगतान किया गया।
पुलिस की तरफ से कोई सुनवाई न होने पर मामला कोर्ट पहुंचा। उसके करीब 7 महीनें बाद पुलिस ने 5 के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। बता दें कि माधौगंज थाना क्षेत्र के तेरवा गांव निवासी मनीष पाल ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अनपढ़ है और योगेंद्र यादव के घर पर रहकर काम-धंधा करता था। इसके बदले योगेंद्र के घर पर ही उसके दो वक्त के भोजन की व्यवस्था होती थी। पीड़ित के मुताबिक, मार्च 2026 में उसे पांच लाख रुपये की जरूरत बताकर खेत गिरवी रखने का प्रस्ताव दिया गया। वह आरोपियों की बातों में आ गया।
इकरारनामा बताकर करा लिया जमीन का बैनामा
मनीष का आरोप है कि इसी योजना के तहत 16 मार्च 2026 को उसे बिलग्राम तहसील ले जाया गया। वहां इकरारनामा (एग्रीमेंट) कराने की बात कहकर उसकी 0.1260 हेक्टेयर जमीन, भूखंड संख्या 525 और 527 का बैनामा सुधीर कुमार के पक्ष में करा दिया गया। बैनामे में चेक के माध्यम से भुगतान किए जाने की बात दर्ज कराई गई, लेकिन पीड़ित के अनुसार उसे एक भी रुपया नहीं मिला। मनीष ने कोर्ट को बताया था कि अपने साथ हुए फर्ज़ीवाड़े का विरोध करने पर 5 जुलाई की दोपहर आरोपी उसके घर आ धमके और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की,साथ ही जान से मारने की धमकी दी।
विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़ित ने कोर्ट को बताया कि जब उसे अपने साथ हुए कथित फर्जीवाड़े की जानकारी हुई और उसने इसका विरोध किया तो 5 जुलाई की दोपहर आरोपी उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि वहां गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन (एफटीसी) कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। कोर्ट की सुनवाई के बाद माधौगंज पुलिस ने बुधवार रात पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
इन पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
अपर सिविल जज सीनियर डिवीज़न (एफटीसी) कोर्ट की सुनवाई पर माधौगंज पुलिस ने बुधवार की रात माधौगंज थाने के रुकनापुर निवासी सुधीर कुमार, तेरवा निवासी योगेंद्र यादव, उन्नाव निवासी प्रभात सिंह,कासिमपुर थाने के गोड़वा भूपहिया निवासी रोहित और चंदीपुर निवासी रविंद्र कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी,साजिश और मारपीट के मामले में केस दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरु कर दी है।
