पंखा लगाते समय लगा करंट, पत्नी की चीख सुनकर दौड़े पति; फिर दोनों की एक साथ हुई मौत

# ## UP

उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक झकझोर देने वाली घटना हुई है. यहां सहजनपुर गांव में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय किसान राममोहन मिश्रा उर्फ बुद्धू लाल और उनकी 55 वर्षीय पत्नी सरस्वती देवी की मौत हो गई. दोनों की मौत करंट लगने से हुई है. बताया गया कि सरस्वती देवी घर में रखे फर्राटा पंखे का प्लग बिजली के स्विच बोर्ड में लगा रही थीं, तभी उन्हें करंट लगा और चीखने लगी.

यह देखकर उनके पति राममोहन मिश्रा उन्हें बचाने दौड़े और उन्होंने पत्नी को पकड़कर खींचने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए. इसके बाद देखते ही देखते दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े. चीख-पुकार सुनकर परिजन और पास पड़ोस के लोग भी दौड़कर आए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. लोगों ने बिजली की मुख्य सप्लाई बंद करने के बाद इन्हें अस्प्ताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

गांव में शोक की लहर

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. वहीं मृतक परिवार में कोहराम मच गया. जानकारी के मुताबिक मृतक राममोहन मिश्रा उर्फ बुद्धू लाल पेशे से किसान थे और गांव में ही रहकर खेती-बाड़ी का काम करते थे. यह दंपती अपने पीछे चार शादीशुदा बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं. एक ही पल में पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम का माहौल है.

ऐसे हुई घटना

परिजनों के मुताबिक पंखे के प्लग में कोई तार कटा हुआ था. ऐसे में जैसे ही सरस्वती देवी ने प्लग को बोर्ड में लगाया, यह कटा हुआ तार उन्हें छू गया. यह झटका इतना तेज था कि तार सरस्वती देवी में चिपका रह गया और वह छुड़ाने के लिए चीखने चिल्लाने लगी. उनकी चीखें सुनकर उनके पति दौड़ कर आए और उन्होंने बिजली बंद करने के बजाय, सीधे उन्हें ही पकड़कर खींचने की कोशिश की. इससे वह भी करंट की चपेट में आ गए.